महालया कार्यक्रम के लिए गांगुली ने राज्य सरकार के फैसले का समर्थन किया, रणजी मैच अब कल्याणी में
कोलकाता, बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार द्वारा विशेष महालया कार्यक्रम के लिए ईडन गार्डन्स को अपने नियंत्रण में लेने के फैसले का संस्था पूरी तरह समर्थन करेगी जिसके चलते 2026-27 सत्र में बंगाल का दिल्ली के खिलाफ पहला रणजी ट्रॉफी मैच अब कल्याणी में खेला जाएगा।
महालया के मौके पर 10 अक्टूबर को होने वाले विशेष कार्यक्रम के लिए ईडन गार्डन्स राज्य सरकार को सौंप दिया जाएगा।
पहली बार यह ऐतिहासिक स्टेडियम 25 सितंबर से 15 अक्टूबर तक राज्य सरकार के नियंत्रण में रहेगा, ताकि दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत से जुड़े इस विशेष कार्यक्रम की तैयारियां की जा सकें।
ईडन गार्डन्स में मीडिया से बातचीत के दौरान गांगुली ने कहा, ‘‘राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हमें जो भी निर्देश देंगे, हम उसका पालन करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है।’’
बंगाल और दिल्ली के बीच रणजी ट्रॉफी का पहला मुकाबला 11 अक्टूबर से शुरू होना है। ईडन गार्डन्स उपलब्ध नहीं होने के कारण अब यह मैच कल्याणी में खेला जाएगा।
राज्य क्रिकेट संघ ने इस बदलाव की जानकारी भारतीय क्रिकेट बोर्ड को पहले ही दे दी है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को घोषणा की थी कि महालया की सुबह ईडन गार्डन्स में दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत के मौके पर चार घंटे का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal