मणिपुर में हथियार और नशीले पदार्थ जब्त, दो चोरी के वाहन भी बरामद

इम्फाल, । मणिपुर में अलग-अलग अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों और पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किया, 2.3 किलोग्राम संदिग्ध एम्फेटामाइन गोलियां जब्त कीं और दो चोरी के वाहन बरामद किये। पुलिस ने आज यह जानकारी दी।
मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स के आज चलाये गये एक संयुक्त अभियान में इम्फाल पश्चिम जिले के पटसोई पुलिस स्टेशन के तहत साजीरोक इलाके से हथियारों और अन्य सामग्रियों का जखीरा मिला।
बरामद की गई सामग्रियों में एक सीएमजी, पांच 9 मिमी पिस्तौल, एक पीएजी, आठ सिंगल-बैरल बंदूकें और एक नंबर 36 एचई हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। टीम ने 46 विभिन्न जीवित कारतूस, छह टीएसएम और एक बाओफेंग वायरलेस हैंडसेट भी बरामद किया। इस बरामदगी के संबंध में आगे की जांच जारी है।
कल एक अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने संदिग्ध नशीले पदार्थों की जब्ती के सिलसिले में असम के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किये गये व्यक्तियों की पहचान असम के गोलपारा जिले के दारीदुरी निवासी रहीम अली और बगुआन निवासी अनवर हुसैन लश्कर के रूप में हुई।
टीम ने एम्फेटामाइन के रूप में पहचाने गये डब्ल्यूवाई गोलियों के 10 पैकेट (वजन लगभग 2.3 किलोग्राम), वाहन और 5,000 रुपये नकद जब्त किये। मामले की जांच के बाद पुलिस ने मयांग इम्फाल के मयाई लेइकाई निवासी एक अन्य कथित सहयोगी मोहम्मद नवाज खान को भी गिरफ्तार कर लिया।
इस बीच, पुलिस ने कल अलग-अलग अभियानों में चोरी के दो वाहन बरामद किये। सिंगजामेई पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ी एक वैन को इम्फाल पश्चिम के लैंगथाबल से बरामद किया गया। वहीं सिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले से जुड़ा एक स्कूटर थौबल जिले के संगैयुमफम करांची से बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी और गिरफ्तारियों के संबंध में आवश्यक कानूनी व प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal