Sunday , October 11 2026

बस में महोबा के भाजपा नेता की पत्नी और बेटा भी जिंदा जले

बस में महोबा के भाजपा नेता की पत्नी और बेटा भी जिंदा जले

ग्रेटर नोएडा, 25 सितंबर। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार की रात आग का गोला बनी एसी स्लीपर बस में जिंदा जले सभी नौ लोगों के शवों की पहचान हो गई। गुरुवार को छह शवों की पहचान हो गई थी। शुक्रवार को तीन अन्य शवों की भी पहचान हो गई। इनमें महोबा के भाजपा नेता की पत्नी और बेटा भी शामिल हैं। दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही एक स्लीपर बस बुधवार की रात जेवर कोतवाली क्षेत्र में आग का गोला बन गई थी। बस में आग लगने से नौ लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। करीब 25 यात्रियों ने बाहर कूद कर अपनी जान बचाई थी। हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों के शवों की गुरुवार की देर शाम तक पहचान हो गई थी। परिजनों ने किसी तरह अपनों की पहचान की थी। तीन शवों की पहचान नहीं हो सकी थी। शुक्रवार को परिजनों ने उनकी पहचान की। इनमें दो शवों की पहचान महोबा के भाजपा नेता नीरज गुप्ता की पत्नी सुनीता गुप्ता और बेटे शशांक गुप्ता के रूप में हुई। एक शव की पहचान ओमप्रकाश निवासी सीताराम कॉलोनी सूरजपुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक मृतक ओमप्रकाश मूलरूप से महोबा की तरफ के रहने वाले थे। वह फिलहाल सूरजपुर में रह रहे थे। परिजनों ने उनका पता सूरजपुर का लिखवाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद सभी शव परिजनों को सौंप दिए।

सियासी मियार की रीपोर्ट