आयुष्मान ने खोले बदलती इंडस्ट्री के राज

मुंबई,। फिक्की फ्रेम्स 2026 के 26वें संस्करण में अभिनेता आयुष्मान खुराना ने भारतीय फिल्म उद्योग में बदलते दौर, नए कलाकारों को मिल रहे अवसरों और अपनी आगामी फिल्मों को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में नए प्रतिभाशाली लोगों को पहले की तुलना में अपनी कला दिखाने के अधिक अवसर मिल रहे हैं। मनोरंजन जगत के विस्तार के साथ प्रतिभाओं के लिए मंच भी बढ़े हैं। आयुष्मान के मुताबिक, आज कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल फोन के जरिए अपनी प्रतिभा लोगों तक पहुंचा सकता है। उन्होंने इसे नए कलाकारों के लिए सकारात्मक बदलाव बताया।
आयुष्मान ने अपनी आगामी फिल्म ‘उड़ता तीर’ के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी अलग तरह की है और इसमें वह पाकिस्तानी जासूस की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी में उनका किरदार भारत आता है और अपनी याददाश्त खो देता है। इसके बाद वह भारत के लिए लड़ने लगता है। अभिनेता ने इसे देशभक्ति से जुड़ी हास्य फिल्म बताया। उनके मुताबिक, फिल्म में दिलचस्प स्थिति यह है कि किरदार को यह तक याद नहीं रहता कि उसका देश कौन सा है।
वहीं, आयुष्मान की एक अन्य आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ भी चर्चा में है। उन्होंने बताया कि फिल्म 27 नवंबर को रिलीज होगी और इसका ट्रेलर दिवाली के मौके पर जारी किया जाएगा। निर्देशक सूरज बड़जात्या के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने उन्हें दिग्गज फिल्मकार बताया। आयुष्मान ने कहा कि परिवारों को जोड़ने की बड़जात्या की खास शैली इस फिल्म में भी देखने को मिलेगी। फिक्की फ्रेम्स 2026 का आयोजन 29 और 30 सितंबर को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में हो रहा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal