Saturday , October 10 2026

शोभायात्रा में ड्यूटी कर रहे सिपाहियों से मारपीट, वर्दी फाड़ी

शोभायात्रा में ड्यूटी कर रहे सिपाहियों से मारपीट, वर्दी फाड़ी

सिहानी गेट क्षेत्र में रामबरात शोभायात्रा के दौरान दो सिपाहियों से बाइक सवार ने मारपीट कर दी। आरोप है कि विपरीत दिशा से आ रही बाइक को रोकने पर आरोपी ने पहले रुकने से इनकार किया और पीछा कर रोकने पर गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी ने एक सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और बाइक लेकर फरार हो गया। सिहानी गेट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

यातायात पुलिस में कार्यरट कांस्टेबल राहुल कुमार ने सिहानी गेट थाने में शिकायत देकर बताया कि उनकी और सिपाही बबलू कुमार की ड्यूटी पांच अक्तूबर की शाम पटेल पुल चढ़ाव पर रामबरात शोभायात्रा के दौरान लगाई गई थी। दोनों शोभायात्रा के चलते यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे एक बाइक सवार विपरीत दिशा से आता दिखाई दिया।

सिपाही बबलू ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बाइक नहीं रोकी। बबलू ने बाइक का पीछा कर कुछ दूरी पर उसे रोक लिया। बाइक रुकते ही चालक ने सिपाही से अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली और सिपाही बबलू कुमार के साथ मारपीट करने लगा। राहुल के मुताबिक उन्होंने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने उननके साथ भी हाथापाई शुरू कर दी।

राहुल का आरोप है कि मारपीट के दौरान बाइक सवार ने बबलू की वर्दी फाड़ दी। उन्होंने और बबलू ने आरोपी को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार अभद्रता करता रहा। इसके बाद आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में उसकी बाइक रोकने की कोशिश की तो वह जान से मार देगा। धमकी देने के बाद आरोपी मौके से बाइक लेकर फरार हो गया। घटना के संबंध में राहुल ने छह अक्तूबर को सिहानी गेट थाने में शिकायत दी। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद का कहना है कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाइक के नंबर की मदद से आरोपी को चिन्हित कर उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई की जाएगी।

सियासी मियार की रीपोर्ट