उड़ान की आपातकालीन लैंडिंग करा मिस्र ने वांछित व्यक्ति को गिरफ्तार किया…

काहिरा, 16 जनवरी । मिस्र के अधिकारियों ने अमेरिका द्वारा नामित एक आतंकवादी संगठन के प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किए जाने की शनिवार को घोषणा की। सरकारी मीडिया के मुताबिक, संदिग्ध को सूडान से तुर्की जा रही उस उड़ान की देश में आपातकालीन लैंडिंग करा कर गिरफ्तार किया गया, जिसमें यह वांछित व्यक्ति सवार था।
गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि होस्सम मेनोफी को इस हफ्ते की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था लेकिन इस बारे में ज्यादा विस्तार से नहीं बताया।
इस नाम का एक व्यक्ति एचएएसएम संगठन का सदस्य बताया जाता है। यह वही संगठन है जिसे मिस्र में कई घातक आतंकवादी हमलों के लिए पूर्व में जिम्मेदार माना गया था। अधिकारियों ने यह भी कहा कि एचएएसएम 2019 में मिस्र के एक अस्पताल के बाहर कार में विस्फोट के लिए भी जिम्मेदार था जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई थी।
अमेरिका ने 2018 में एचएएसएम को एक आतंकवादी संगठन नामित किया था। इसे मुस्लिम ब्रदरहुड संगठन का एक हिस्सा माना जाता है। मिस्र ने मुस्लिम ब्रदरहुड को लंबे समय से प्रतिबंधित और आतंकवादी संगठन घोषित किया हुआ है।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal