Friday , September 20 2024

प्रेम विवाह के चलते दुल्हे के भाई को मारी गोली….

प्रेम विवाह के चलते दुल्हे के भाई को मारी गोली….

तीन आरोपियों पर केस दर्ज

गाजियाबाद, 09 फरवरी। प्रेम विवाह करने वाले युवक के भाई को गोली मारने की घटना में पुलिस ने दुल्हन के तीन भाइयों के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है। घटना के संबंध में घायल युवक के भाई ने विजय नगर थाने में तहरीर दी थी। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वहीं, दिल्ली जीटीबी में भर्ती युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के कैला भट्ठा निवासी अनस का मोती मस्जिद कैला भट्ठा निवासी जेबा से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 15 दिन पहले दोनों घर से भागकर शादी कर ली थी। जिसको लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को मुचलका पाबंद भी किया था। जेबा का भाई सलमान इस शादी से नाराज था। आरोप है कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे अनस का भाई इमरान सादिक की पुलिया के पास से जा रहा था। इसी दौरान सलमान अपने एक साथी के साथ बाइक से वहां पहुंचा और इमरान को गोली मार दी। सीने में गोली लगने से इमरान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद सलमान और उसका साथी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से इमरान को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे दिल्ली जीटीबी रेफर कर दिया गया। विजयनगर एसएचओ योगेंद्र मलिक ने बताया कि घायल इमरान के भाई शाहरुख ने गोली मारने वाले सलमान और उसके दो भाइयों के खिलाफ तहरीर दी थी। सलमान के दो अन्य भाइयों पर भी घटना के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के आधार पर तीनों भाइयों के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपी फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।

सियासी मियार की रिपोर्ट