Friday , September 20 2024

सेमीकंडक्टर की कमी के बीच जनवरी में यात्री वाहनों की थोक बिक्री आठ फीसदी घटी..

सेमीकंडक्टर की कमी के बीच जनवरी में यात्री वाहनों की थोक बिक्री आठ फीसदी घटी...

नई दिल्ली, 11 फरवरी । वाहन उद्योग के निकाय सियाम ने शुक्रवार को कहा कि सेमीकंडक्टर की कमी के कारण उत्पादन प्रभावित होने के चलते कारखानों से डीलरों को यात्री गाड़ियों की आपूर्ति जनवरी में आठ फीसदी घट गई।

जनवरी 2022 में कुल यात्री वाहनों की थोक बिक्री 2,54,287 इकाई रह गई जो पिछले वर्ष इसी महीने में 2,76,554 इकाई थी।

वाहन विनिर्माताओं के संगठन सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने शुक्रवार को कहा कि पिछले महीने 1,26,693 यात्री कारों की आपूर्ति हुई जो एक साल पहले के समान महीने में 1,53,244 इकाई थी। इसी तरह समीक्षाधीन अवधि में वैन की आपूर्ति घटकर 10,632 रह गई जो जनवरी 2021 में 11,816 इकाई थी।

हालांकि, यूटिलिटी वाहनों की बिक्री जनवरी 2021 में 1,11,494 इकाइयों की तुलना में पिछले महीने बढ़कर 1,16,962 इकाई हो गई। जबकि दो पहिया वाहनों की आपूर्ति 21 फीसदी घटकर 11,28,293 इकाई रह गई जो एक वर्ष पहले 14,29,928 थी।

इसी तरह, तीन पहिया वाहनों की थोक बिक्री पिछले महीने घटकर 24,091 इकाई रह गई जो पिछले वर्ष समान अवधि में 26,794 थी।

पिछले महीने कुल वाहनों की आपूर्ति घटकर 14,06,672 रह गई, पिछले वर्ष समान महीने में यह आंकड़ा 17,33,276 इकाई था।

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, ‘‘जनवरी 2021 के मुकाबले जनवरी 2022 में बिक्री घट गई। इसकी वजह ओमीक्रोन के कारण बने चिंता के हालात और सेमीकंडक्टर की कमी है।’’

दूसरी ओर यात्री वाहन श्रेणी आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के कारण बाजार की मांग पूरी नहीं कर सकी। पिछले महीने मारुति सुजुकी ने 1,28,924 इकाईयों की आपूर्ति की जबकि जनवरी 2021 में उसने 1,39,002 इकाईयों की आपूर्ति की थी।

हुंदै मोटर इंडिया ने जनवरी 2021 में 52,005 इकाईयों की आपूर्ति की तुलना में पिछले महीने सिर्फ 44,022 इकाईयों की आपूर्ति की।

सियासी मियार की रिपोर्ट