केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा- साइकिल पर नहीं कमल पर आती हैं लक्ष्मी

प्रयागराज, 21 फरवरी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में आज प्रयागराज में विभिन्न राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों का जमावड़ा है। इन्हीं में से एक हैं भाजपा की स्टार प्रचारक स्मृति ईरानी। भारत सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी आज संगम नगरी में आ चुकी हैं। वह यहां इलाहाबाद शहर उत्तरी, इलाहाबाद शहर दक्षिणी और इलाहाबाद शहर पश्चिमी सीट से भाजपा के प्रत्याशियों के लिए चुनावी जनसभा कर समर्थन जुटाने पहुंचीं हैं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रयागराज शहर के मीरापुर में पहली जनसभा की। यहां उन्हांने कहा कि लक्ष्मी साइकिल पर नहीं बल्कि कमल पर आती हैं। उन्होंने कहा कि राम का अस्तित्व न मानने वाले आज कोट पर जनेऊ पहन कर टहल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि याद रखें यही वह सपा है, जिसने राम भक्तों पर गोली चलवाई थी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज सोमवार को दिल्ली से चलकर प्रयागराज पहुंचीं थीं। प्रयागराज शहर स्थित इलाहाबाद दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मीरापुर में सभा करने के बाद वह इलाहाबाद पश्चिमी विधानसभा के प्रीतम नगर क्षेत्र पहुंचेंगी। यहां भी उनकी जनसभा आयोजित है। इसके बाद शाम को इलाहाबाद उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के कटरा मोहल्ले में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आम जन से स्मृति ईरानी अनुरोध करेंगी। इसके बाद वे वापस दिल्ली के लिए लौट जाएंगी।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal