दुनिया रूस को जिम्मेदार ठहराएगी : बिडेन…

वाशिंगटन, 24 फरवरी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिडेन ने गुरुवार को रूस पर पूर्वी यूक्रेन में सैन्य अभियान चलाने के लिए एक पूर्वनियोजित युद्ध शुरू करने का आरोप लगाया और कहा कि अमेरिका और उसके साथी एकजुट हैं और निर्णायक तरीके से जवाब देंगे तथा दुनिया भी रूस को जिम्मेदार ठहरायेगी।
श्री बिडेन ने एक बयान में कहा कि वह स्थिति पर नजर रखेंगे और कल अपने जी-7 समकक्षों के साथ बैठक कर रूस के खिलाफ आगे के परिणामों की घोषणा करने के लिए अमेरिकी लोगों को संबोधित करेंगे।
बयान में कहा गया है कि पूरी दुनिया की प्रार्थनाएं आज रात यूक्रेन के लोगों के साथ हैं क्योंकि वे रूसी सैन्य बलों द्वारा एक अकारण और अनुचित हमले को झेल रहे हैं। रूसी राष्ट्रपति ने एक पूर्व नियोजित युद्ध चुना है जो मानवीय पीड़ा और जीवन के लिए विनाशकारी साबित होगा।
उन्होंने कहा, “ इस हमले से होने वाली मौतों और विनाश के लिए सिर्फ रूस जिम्मेदार है तथा अमेरिका और उसके सहयोगी एकजुट और निर्णायक तरीके से जवाब देंगे। दुनिया रूस को जवाबदेह ठहराएगी।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मैं आज शाम व्हाइट हाउस से स्थिति की निगरानी करूंगा और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम से नियमित अपडेट प्राप्त करता रहूंगा। कल, मैं सुबह अपने जी-7 समकक्षों के साथ मिलूंगा। इसके बाद मैं अमेरिका और हमारे सहयोगियों द्वारा रूस के खिलाफ होने वाले आगे के परिणामों की घोषणा करने के लिए अमेरिकी लोगों को संबोधित करूंगा। उन्होंने कहा, “ हम गठबंधन के खिलाफ किसी भी आक्रामकता को रोकने के लिए एक मजबूत, एकजुट प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए अपने नाटो सहयोगियों के साथ भी समन्वय करेंगे। जिल और मैं आज रात यूक्रेन के बहादुर और गौरवान्वित लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।”
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने घोषणा की थी कि मास्को पूर्वी यूक्रेन में एक सैन्य अभियान का संचालन करेगा, जिसके बाद व्हाइट हाउस का बयान आया। टीवी पर प्रसारित अपने संबोधन में पुतिन ने कहा कि यह कार्रवाई यूक्रेन से आने वाली धमकियों के जवाब में की गई है। उन्होंने अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में हस्तक्षेप करने के किसी भी प्रयास के परिणाम उन्होंने कभी नहीं देखे होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि रूस का यूक्रेन पर कब्जा करने का कोई लक्ष्य नहीं है। यदि रक्तपात होता है तो उसकी जिम्मेदारी यूक्रेनी शासन की है। उन्होंने अमेरिका और उसके सहयोगियों पर यूक्रेन को नाटो में शामिल होने से रोकने और मास्को सुरक्षा गारंटी की पेशकश करने की रूस की मांग को अनदेखा करने का आरोप लगाया। इस बीच, यूक्रेन की राजधानी कीव और अन्य स्थानों पर सुबह कई विस्फोट हुए।
सियासी मीयार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal