मध्य दिल्ली की कई सड़कों पर यातायात बाधित..

नई दिल्ली, 15 जून कांग्रेस नेता राहुल गांधी के धन शोधन के एक मामले में लगातार तीसरे दिन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेशी को देखते हुए पुलिस ने कई सड़कों को बंद कर दिया जिससे मध्य दिल्ली के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने उन मार्गों के यातायात को दूसरी तरफ मोड़ दिया है जो बंद हैं तथा एहतियाती उपाय के तौर पर आवश्यक बंदोबस्त किए गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, नई दिल्ली जिले में करीब 400 यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारी ने कहा, ‘‘नई दिल्ली में जाम को लेकर कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यातायात का सुचारू रूप से संचालन किया जा रहा है। जिन मार्गों को बंद किया गया है, उनके यातायात को दूसरी तरफ मोड़ दिया गया।’’
दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘कृपया 15 जून 2022 को सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड पर यात्रा करने से बचें। विशेष बंदोबस्त के कारण इन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।’’
एक अन्य ट्वीट में उसने कहा, ‘‘कृपया सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजिस जंक्शन, क्यू-प्वाइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आजाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन से भी यात्रा करने से बचें। विशेष व्यवस्था के कारण यहां यातायात की भारी आवाजाही रहेगी।’’
विभाग ने लोगों को अपराह्न दो बजकर 15 मिनट से दो बजकर 45 मिनट के बीच यातायात की विशेष व्यवस्था के कारण धौला कुआं फ्लाईओवर तथा गुरुग्राम के बीच एसपी मार्ग पर यात्रा करने से बचने के लिए कहा है।
एक अन्य ट्वीट में उसने कहा कि यातायात की विशेष व्यवस्था से गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक और पृथ्वीराज रोड से आगे नई दिल्ली में बसों के आने पर रोक रहेगी।
सियासी मीयर की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal