Sunday , September 22 2024

हज यात्री संपूर्ण मानवता के सुख, समृद्धि की दुआ करें : नकवी..

हज यात्री संपूर्ण मानवता के सुख, समृद्धि की दुआ करें : नकवी..

मुंबई, 18 जून। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भारतीय हज यात्री, संपूर्ण मानवता के सुख, समृद्धि और सभी तरह के संकट से सुरक्षित रहने की दुआ मांगें। श्री नकवी ने शनिवार को हज 2022 के लिए मुंबई से जाने वाले हज यात्रियों के पहले जत्थे को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना करने के दौरान यह बातें कहीं। उन्होंने हज यात्रियों को सफल हज की शुभकामनाएं भी दी।

मुंबई इम्बार्केशन पॉइंट से हज पर जाने वाले इस पहले जत्थे में महाराष्ट्र के 410 हज यात्री शामिल हैं जिनमें 207 पुरुष और 203 महिला हज यात्री हैं। मुंबई इम्बार्केशन पॉइंट से लगभग 8000 हज यात्री 19 उडान के जरिये हज 2022 पर जायेंगें। श्री नकवी ने कहा कि महत्वपूर्ण सुधारों, शत प्रतिशत डिजिटल/ऑनलाइन व्यवस्था एवं बेहतर सुविधाओं के साथ हज 2022 सफलतापूर्वक चल रहा है। उन्होंने कहा कि हज 2022 के लिए उडान चार जून से शुरू हुई हैं। हज 2022 के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से हज यात्री 10 इम्बार्केशन पॉइंट्स से जा रहे हैं जिनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोच्चि, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और श्रीनगर हज यात्री शामिल हैं।

श्री नकवी ने कहा कि दो वर्षों के बाद सभी हज यात्रियों को डिजिटल हेल्थ कार्ड, ‘ई-मसीहा’ स्वास्थ्य सुविधा, मक्का-मदीना में ठहरने की बिल्डिंग/ट्रांसपोर्टेशन की जानकारी भारत में ही देने वाली ‘ई-लगेज टैगिंग’ की सुविधा दी गई है। भारत से 79 हजार 237 मुसलमान हज 2022 पर जा रहे हैं। इनमें लगभग 50 प्रतिशत महिलाएं हैं। इनमें 56 हजार 601 हज यात्री, हज कमेटी ऑफ़ इंडिया और 22 हजार 636 हज यात्री, हज ग्रुप ऑर्गनाइजर्स (एचजीओ) के माध्यम से हज के लिए जा रहे हैं। एचजीओ की भी संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी एवं ऑनलाइन कर दी गई है। बिना “मेहरम” (पुरुष रिश्तेदार) के 1800 से अधिक मुस्लिम महिलाएं हज 2022 पर जा रहीं हैं, इन्हें लाटरी सिस्टम से बाहर रखा गया है। इस अवसर पर मुंबई में सऊदी अरब के वाणिज्य दूत सुलेमान बिन ऐइद अल्-ओतैबी, हज कमेटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन ए. पी. अब्दुल्लाकुट्टी, हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद याकूब शेख एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सियासी मियार की रिपोर्ट