Sunday , September 22 2024

मुर्मू, मोदी और शाह ने कानपुर हादसे पर शोक व्यक्त किया..

मुर्मू, मोदी और शाह ने कानपुर हादसे पर शोक व्यक्त किया..

नई दिल्ली, 02 अक्टूबर। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए सड़क हादसे में मारे गये लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया है तथा घायलों के शीध्र स्वस्थ होने की कामना की है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट कर कहा, “कानपुर में हुए सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु के समाचार से बहुत व्यथित हूं। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया, “ कानपुर में ट्रैक्टर-ट्राली दुर्घटना से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। घायलों के लिए प्रार्थना। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।”
एक अन्य ट्वीट में श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतक आश्रितों को दो-दो लाख रूपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रूपये सहायता राशि देने की घोषणा की।
गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीटर पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुःखद व हृदय को व्यथित करने वाला है। स्थानीय प्रशासन घायलों को उपचार देने में जुटा है। इस घटना में जिन लोगों ने अपनों को खोया है उनकी इस अपूरणीय क्षति पर संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उनके परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।”
रक्षामंत्री ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश के कानपुर ज़िले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।साथ ही दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।”
गौरतलब है कि कानपुर के कोरथा गांव के शृद्धालु ट्रैक्टर ट्राली से फतेहपुर जिले में चंद्रिका देवी मंदिर गये थे। ट्राली में करीब 40 लोग सवार थे। मंदिर में देवी दर्शन कर देर शाम वापस लौटते समय साढ़ और गंभीरपुर गांव के बीच सड़क किनारे एक तालाब में ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलटने से 25 लोगों की मौत हो गयी और 12 लोग घायल हो गये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये और गंभीर रूप से घायलों काे 50 हजार रूपये की सहायता राशि मुहैया कराने के भी निर्देश दिये हैं।

सियासी मियार की रिपोर्ट