बिहार में आठ से दस किलोमीटर की गति से नमी के साथ बह रही पछुआ हवा..

पटना, 13 नवंबर। बिहार के लोगों को अब सुबह शाम ठंड का एहसास होने लगा है क्योंकि राज्य में बह रही पछुआ हवा अब हल्की नमी के साथ चलने लगी है। इससे लोगों को सुबह शाम ठंड का एहसास होने लगा है। दिन में आकाश साफ होने के कारण अच्छी धूप निकल रही है, इससे वातावरण गर्म रह रहा है लेकिन सूर्यास्त के बाद तापमान में गिरावट दर्ज किया जा रहा है। राज्य के तराई क्षेत्रों में कोहरा छाये रहने के आसार है।
राज्य में पछुआ हवा की गति भी धीरे-धीरे तेज होने लगी है। वर्तमान में राज्य में आठ से दस किलोमीटर की गति से नमी के साथ पछुआ हवा बह रही है। इससे सुबह शाम लोगों को इससे बचने की सलाह दी जा रही है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि वर्तमान में प्रदेश में पछुआ आठ से दस किलोमीटर की गति से बह रही है। पछुआ अपने साथ काफी मात्रा में नमी ला रही है। सूर्यास्त के बाद तापमान में अचानक काफी गिरावट देखी जा रही है। रात आठ बजते-बजते वातावरण काफी ठंडा हो जा रहा है। इस तरह की स्थिति अगले कुछ दिनों तक बने रहने की उम्मीद है।
धीरे-धीरे बढ़ती जाएगी ठंड
मौसम वैज्ञानियों के अनुसार अगले पांच दिनों तक वातावरण शुष्क रहेगा। आकाश साफ रहने की उम्मीद है। उसके बाद मौसम में बदलाव हो सकता है। कई मौसम विज्ञानियों का कहना है नवंबर में प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव होता है। अब धीरे-धीरे ठंड बढ़ती जाएगी।
बच्चों को खुले में रात में देर तक न रखने की सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए पटना मेडिकल कालेज एण्ड हास्पिटल के शिशु रोग विशेषज्ञ डा. राकेश कुमार शर्मा ने रात में बच्चों को अधिक देर तक खुले में बाहर रखने से रोकने की सलाह दी है। ठंड के कारण ही बच्चे जल्दी सर्दी-खांसी के शिकार हो जा रहे हैं। कई बच्चों में बुखार, नाक बहना, बार-बार खांसी की शिकायत देखी जा रही है।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal