Monday , September 23 2024

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया ने अपनी अमेरिकी नागरिकता बहाल करने के लिए आवेदन किया :

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया ने अपनी अमेरिकी नागरिकता बहाल करने के लिए आवेदन किया :

कोलंबो, 02 जनवरी । श्रीलंका के अपदस्थ राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने किसी देश में शरण पाने में नाकाम रहने के बाद अपनी अमेरिकी नागरिकता बहाल करने के लिए आवेदन किया है। मीडिया में आई एक खबर में यह कहा गया है।

देश में आर्थिक संकट गहराने और तत्कालीन सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बीच राजपक्षे (73) पिछले साल जुलाई में देश छोड़ कर भाग गये थे और इसके करीब दो महीने बाद स्वदेश लौटे थे।

‘द संडे टाइम्स’ अखबार की खबर में कहा गया है कि हालांकि, उनके अनुरोध पर अमेरिकी सरकार द्वारा विचार किया जाना अभी बाकी है।

उल्लेखनीय है कि 2019 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए राजपक्षे ने अपनी अमेरिकी नागरिकता छोड़ दी थी। श्रीलंका के संविधान के मुताबिक, दोहरी नागरिकता रखने वाले लोगों के चुनाव लड़ने पर रोक है।

खबर में कहा गया है, ‘‘उनके वकीलों द्वारा अमेरिकी सरकार से की गई एक अपील में विदेश विभाग से उनकी नागरिकता बहाल करने का अनुरोध किया गया है, हालांकि इस पर अब तक विचार नहीं किया गया है।’’

पूर्व राष्ट्रपति और उनके परिवार के सदस्य छुट्टियां बिताने के लिए अभी दुबई में हैं।

पूर्व राष्ट्रपति पिछले साल 13 जुलाई को श्रीलंका से मालदीव भाग गये थे। वहां से वह सिंगापुर गये थे और फिर थाईलैंड गए। वह दो सितंबर 2022 को स्वदेश लौटे।

सियासी मियार की रिपोर्ट