Sunday , September 22 2024

सशक्त भारत के साथ अमेरिका के हितों की रक्षा और मजबूती हुई है : भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेता ने कहा..

सशक्त भारत के साथ अमेरिका के हितों की रक्षा और मजबूती हुई है : भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेता ने कहा..

सांता क्लारा (अमेरिका), । भारतीय-अमेरिकी समुदाय के एक प्रतिष्ठित नेता योगी चुग ने कहा कि सशक्त भारत के साथ एशिया में अमेरिका के हितों की रक्षा और मजबूती हुई है। उन्होंने कहा कि भारत, चीन के बढ़ते प्रभाव की जवाबी कार्रवाई के रूप में इस क्षेत्र में एक जिम्मेदार खिलाड़ी बन गया है।

कैलिफोर्निया के व्यवसायी चुग ने कहा कि भारत के उदय को लेकर जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सशक्त भारत के साथ अमेरिका के हितों की रक्षा और मजबूती हुई है। भारत ने न केवल अपनी अर्थव्यवस्था बल्कि दुनिया में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने की क्षमता के जरिए विश्व में एक अहम भूमिका निभायी है। इसके साथ ही भारत इस क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव से निपटने के लिए एक जिम्मेदार खिलाड़ी बन गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ आपके पास कर्ज के जाल में फंसने का विकल्प है। दूसरी तरफ, आपके पास भारत को एक सच्चा साझेदार बनाने का विकल्प है। भारत लगातार एक अहम भूमिका निभा रहा है।’’ चुग ने कहा, ‘‘अमेरिका और भारत के बीच मजबूत संबंध होंगे। कई लोगों ने इसे 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारी कहा है।’’ उन्होंने कहा कि भारत में जारी लोकसभा चुनाव लोगों को यह दिखाएगा कि देश वृद्धि की ओर अग्रसर है।

सियासी मियार की रीपोर्ट