Wednesday , February 18 2026

नहीं रहे बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति शहाबुद्दीन अहमद, 92 साल की उम्र में निधन….

नहीं रहे बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति शहाबुद्दीन अहमद, 92 साल की उम्र में निधन….

ढाका, 19 मार्च । बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति और पूर्व मुख्य न्यायाधीश शहाबुद्दीन अहमद का शनिवार को निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। बांग्लादेश के वर्तमान राष्ट्रपति अब्दुल हामिद, प्रधानमंत्री शेख हसीना, राष्ट्रीय विधानसभा के अध्यक्ष शिरीन शर्मिन चौधरी और मुख्य न्यायाधीश हसन फैज सिद्दीकी ने पूर्व राष्ट्रपति न्यायमूर्ति शहाबुद्दीन अहमद के निधन पर शोक व्यक्त किया है। शहाबुद्दीन अहमद के परिवार के सदस्यों ने बताया कि वृद्धावस्था के कारण तबीयत बिगड़ने पर उनको फरवरी में गंभीर हालत में ढाका के संयुक्त सैन्य अस्पताल (सीएमएच) में भर्ती कराया गया था। दरअसल, पूर्व मुख्य न्यायाधीश शहाबुद्दीन अहमद 1990 में इरशाद सरकार गिरने के बाद अंतरिम सरकार के मुखिया थे और 1996 में अवामी लीग के सत्ता में आने के बाद उन्हें राष्ट्रपति बनाया गया था। शहाबुद्दीन अहमद अपने करियर में पहली बार पाकिस्तान सिविल सर्विस में शामिल हुए। उन्होंने मजिस्ट्रेट, उप-मंडल प्रशासक और अतिरिक्त उपायुक्त के पदों पर भी कार्य किया। जिसके बाद 20 जनवरी 1972 को उन्हें बांग्लादेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि उन्हें 14 जनवरी 1990 को बांग्लादेश का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

सियासी मियार की रिपोर्ट