Tuesday , July 1 2025

सीएम योगी-मायावती समेत नेताओं ने दी बधाई, पार्टी मुख्यालय में जुटी समर्थकों की भीड़…

सीएम योगी-मायावती समेत नेताओं ने दी बधाई, पार्टी मुख्यालय में जुटी समर्थकों की भीड़…

लखनऊ, 01 जुलाई । समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज यानी मंगलवार को अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्हें बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है। सुबह से लोग उन्हें जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं। अपने जन्मदिन के मौके पर सपा मुखिया अखिलेश यादव पार्टी मुख्यालय पहुंचे हैं। वहां पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक उन्हें बधाई देने के लिए मौजूद रहे। अखिलेश के आते ही कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

इस मौके पर सुबह-सुबह सीएम योगी ने भी अखिलेश को बधाई दी। इस पर सपा मुखिया ने उनका आभार व्यक्त किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई’। इस पर अखिलेश ने उन शुभकामनाओं के लिए उनको धन्यवाद कहा।

सपा मुखिया को बधाई देने वालों में बसपा प्रमुख मायावती भी शामिल रहीं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, ‘समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान सांसद अखिलेश यादव को जन्मदिन पर हार्दिक बधाई। उनके सुखी व दीर्घायु जीवन की भी ढेरों शुभकामनाएं’। अखिलेश यादव ने पोस्ट पर रिप्लाई करते शुभकामनाओं के लिए बसपा प्रमुख का आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सपा प्रमुख को जन्मदिन पर बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘पीडीए की बुलंद आवाज अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई! आप स्वस्थ रहें, खुश रहें। हम इस न्याय और बराबरी की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर आपके साथ हैं’।

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘सपा प्रमुख… उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद अखिलेश यादव को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और देवों के देव महादेव की कृपा से आपका स्वास्थ्य उत्तम और आप दीर्घायु हों’।

सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं’।

बता दें कि सपा प्रमुख और कन्नौज के सांसद अखिलेश यादव शुक्रवार को 52 साल के हो गए। उनका जन्म एक जुलाई 1973 को इटावा जिले के सैफई में हुआ। वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव के पुत्र हैं। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर बधाई देने वालों का तांता लगा। भंडारे, फल वितरण के साथ उनकी लंबी आयु की कामना वाले हजारों होर्डिंग्स और पोस्टर लगे हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट