विमान ईंधन की ऊंची कीमतों को लेकर एयरलाइन, तेल कंपनियों से बातचीत जारी : नायडू

नई दिल्ली, 06 अक्टूबर। नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण विमान ईंधन की ऊंची कीमतों को लेकर मंत्रालय विमानन तथा तेल विपणन कंपनियों के साथ बातचीत कर रहा है।
विमान ईंधन (एटीएफ) की बढ़ती कीमतों के कारण विमानन कंपनियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। एटीएफ किसी एयरलाइन की परिचालन लागत का करीब 40 प्रतिशत है।
नायडू ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में एक सम्मेलन से इतर कहा, ‘‘सबसे महत्वपूर्ण बातों में से एक यह है कि पश्चिम एशिया संकट एटीएफ की कीमतों पर कितना बोझ डाल रहा है। हम विमानन कंपनियों और ओएमसी (तेल विपणन कंपनियों) के साथ बातचीत कर रहे हैं।’’
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ईंधन अधिभार बढ़ाने की सोमवार को घोषणा की थी।
इंडिगो ने कहा था कि हाल के महीनों में एटीएफ की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, खासकर पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक स्थिति के बाद।
एयरलाइन के अनुसार, ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है जो हाल में मासिक आधार पर 14 प्रतिशत से अधिक रही है। इससे एटीएफ की लागत पिछले एक दशक में सबसे ऊंचे स्तरों में पहुंच गई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal