भारतीय-अमेरिकी कार्यपालक अधिकारी को संरा एजेंसी और बहरीन चैंबर का सम्मान

भारतीय-अमेरिकी नौवहन कार्यपालक कार्यकारी और सेफसी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एस. वी. अंचन को वैश्विक समुद्री उद्योग में उनके नेतृत्व और योगदान के लिए संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी और बहरीन के प्रमुख उद्योग संगठन ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया है।
डॉ. अंचन को संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन (यूनीडो), बहरीन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और वाशिंगटन स्थित एसीई हेल्थ फाउंडेशन की ओर से ‘एसीई ग्लोबल ब्रिजेज 2026 ग्लोबल मैरीटाइम पर्सनैलिटी फॉर परफॉर्मेंस एंड लीडरशिप अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार आठ फरवरी को बहरीन चैंबर द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अंचन ने कहा कि वे ऐसे नेताओं के साथ खड़े होकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं, जो संबंधों को मजबूत करने, साझेदारियों को गहरा करने और सार्थक सहयोग बनाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उद्योग जगत के नेताओं को और अधिक योगदान देने तथा कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने अवसरों को ठोस परिणामों में बदलने के लिए निरंतर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। अंचन ने बहरीन की अपनी यात्राओं को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2001 से उनका देश से जुड़ाव रहा है और उन्होंने इराक-कुवैत युद्ध के बाद शुरू हुए संयुक्त राष्ट्र के ‘ऑयल फॉर फूड प्रोग्राम’ में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।
उन्होंने कहा कि बहरीन अमेरिका के पांचवें बेड़े और वाणिज्यिक शिपिंग उद्योग के बीच एक अहम कड़ी के रूप में कार्य करता है और अदन की खाड़ी सहित क्षेत्र में जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंचन ने बहरीन की भौगोलिक स्थिति और मजबूत समुद्री आधार को वैश्विक साझेदारी के लिए अनुकूल बताते हुए कहा कि समुद्री क्षेत्र में देश की संभावनाएं असीम हैं।
डॉ. अंचन को पिछले वर्ष एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत प्रतिष्ठित ‘अमेरिकन स्टीमशिप ओनर्स म्यूचुअल प्रोटेक्शन एंड इंडेम्निटी एसोसिएशन’ (अमेरिकन क्लब) के निदेशक मंडल में नियुक्त किया गया था। वे इस 20 सदस्यीय बोर्ड में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय-अमेरिकी कार्यकारी हैं। अमेरिकन क्लब अमेरिका क्षेत्र में स्थित एकमात्र म्यूचुअल पी एंड आई क्लब है, जिसकी स्थापना 1917 में न्यूयॉर्क में हुई थी।
तीसरी पीढ़ी के शिपिंग और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के नेता अंचन को तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्हें वर्ष 2016 में भारत सरकार ने ‘शिपिंग प्रवासी अवॉर्ड’ और ‘नेशनल मैरीटाइम अवॉर्ड फॉर एमिनेंट ओवरसीज मैरीटाइम पर्सनैलिटी’ से भी सम्मानित किया था।
वर्ष 2006 में स्थापित सेफसी ग्रुप संयुक्त राष्ट्र शांति सेना, विश्व खाद्य कार्यक्रम और अमेरिकी सरकार की एजेंसियों सहित कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों को शिपिंग और लॉजिस्टिक्स सेवाएं प्रदान करता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal