मैं अब राजनेता नहीं हूं और न ही बन सकता हूं, चुनाव लड़ा तो बीवी तलाक दे देगी

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने साफ कहा है कि वे दोबारा चुनावी राजनीति में नहीं लौटेंगे। इस बार उन्होंने यह बात हल्के-फुल्के अंदाज में कही। एक पॉडकास्ट में बराक ओबामा ने मुस्कुराते हुए कहा कि सबसे पहले तो मैं अब राजनेता नहीं हूं और न ही बन सकता हूं। उन्होंने माना कि संविधान कुछ पदों के लिए तकनीकी रूप से इजाजत दे सकता है, लेकिन उनकी खुद की कोई इच्छा नहीं है कि वे फिर से चुनाव लड़ें। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बराक ओबामा जितने अच्छे राजनेता के तौर पर जाना जाता है, उन्हें उतना ही बेहतरीन फैमिली मैन भी माना जाता है। यही वजह है कि उनकी लोकप्रियता अमेरिका के अलावा दूसरे देशों में भी थी। उन्होंने जब से राष्ट्रपति का पद छोड़ा, तब से वे राजनीति में सक्रिय नहीं हैं, हालांकि कई बार उनसे इसे लेकर सवाल किए गए। यहां भी जब उनसे पूछा गया कि वे राजनीति में वापसी करेंगे, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘मैं संविधान पर भी भरोसा करता हूं और अपनी शादी पर भी।
रिपोर्ट के मुताबिक ओबामा ने आगे कहा कि अगर मैंने दोबारा चुनाव लड़ने की कोशिश की तो मिशेल मुझे तलाक दे देंगी। उनके इस बयान पर हंसी के ठहाके लगे और तालियां भी बजीं। ओबामा ने कहा कि व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद उनकी प्राथमिकताएं बदल चुकी हैं। अब वे और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा युवाओं को प्रेरित करने और उनका मार्गदर्शन करने पर ध्यान देना चाहते हैं। उनका मानना है कि अमेरिका में असली बदलाव 20 और 30 साल के युवा ही लाएंगे। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी ही हमारे संस्थानों को फिर से गढ़ेगी। इस तरह ओबामा ने साफ कर दिया कि उनकी राजनीति अब चुनावी मैदान में नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को दिशा देने में दिखाई देगी।
ओबामा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर हुए एक विवाद का भी जिक्र किया। अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्रुथ सोशल अकाउंट पर एक वीडियो साझा हुआ था, जिसमें ओबामा और उनकी पत्नी के चेहरे बंदरों के शरीर पर दिखाए गए थे। यह वीडियो कुछ ही देर में हटाया गया और व्हाइट हाउस ने कहा कि यह गलती से पोस्ट हो गया था। ओबामा ने बिना नाम लिए कहा कि ऐसे व्यवहार से ज्यादातर अमेरिकी असहज महसूस करते हैं। उन्होंने चिंता जताई कि आज की राजनीति और सोशल मीडिया में शालीनता और सम्मान का स्तर गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और टीवी पर एक तरह का तमाशा चल रहा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal