विमान निर्माण के विशेष ग्रेड के एल्यूमीनियम के लिए ब्राजील की कंपनी का हिंडाल्को से करार

ब्राजील की विमान बनाने वाली कंपनी एम्ब्रेयर ने खनन क्षेत्र की भारतीय कंपनी हिंडाल्को के साथ भारत में साझा व्यावसायिक अवसरों की तलाश के लिए शुक्रवार को एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किये। एम्ब्रेयर ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस संयुक्त पहल का उद्देश्य विमानन में इस्तेमाल होने वाले विशेष ग्रेड के एल्यूमीनियम से बने कच्चे माल के निर्माण में संभावनाओं की पहचान करना है ताकि ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा दिया जा सके।
उल्लेखनीय है कि कंपनी ने महिंद्रा और अडानी समूहों के साथ भारत में विमान निर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए समझौते किये हैं।
एम्ब्रेयर में वैश्विक खरीद और आपूर्ति श्रृंखला के कार्यकारी उपाध्यक्ष रॉबर्ट चेव्स ने कहा, “यह संयुक्त पहल स्थानीय साझेदारों की पहचान करने पर हमारे फोकस को और मजबूत करती है, जो हमारे आपूर्तिकर्ता बन सकें और इस प्रक्रिया में भारतीय औद्योगिक आधार के विकास को गति दें।” उन्होंने कहा कि यह पहल देश में विमानन पारितंत्र को आगे बढ़ाने के लिए एम्ब्रेयर की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है और पूरी आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती प्रदान करती है। वर्तमान में एम्ब्रेयर के 47 विमान भारत में विभिन्न ऑपरेटरों द्वारा परिचालन में हैं। इसमें वाणिज्यिक विमानन, बिजनेस एयर ऑपरेटर और रक्षा एवं सुरक्षा क्षेत्र के ग्राहक शामिल हैं। इनमें केंद्र सरकार द्वारा संचालित पाँच एम्ब्रेयर वीआईपी जेट तथा भारतीय वायु सेना द्वारा संचालित तीन ईएमबी 145 एईडब्ल्यू (एयरबोर्न अर्ली वार्निंग) “नेत्र” विमान शामिल हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal