Wednesday , March 18 2026

ईरान के लिए खुला, दुश्मनों के लिए बंद है होर्मुज़ जलडमरूमध्य मार्ग: अराघची

ईरान के लिए खुला, दुश्मनों के लिए बंद है होर्मुज़ जलडमरूमध्य मार्ग: अराघची

तेहरान, 18 मार्च। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोमवार को कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य मार्ग ईरान के दृष्टिकोण से खुला है, लेकिन उन देशों और उनके सहयोगियों के लिए बंद है जिन्होंने ईरान के खिलाफ “कायरतापूर्ण आक्रामकता” की है।

तेहरान में विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के इतर पत्रकारों से बातचीत में श्री अराघची ने कहा कि ईरान अपनी रक्षा करने में किसी प्रकार की हिचकिचाहट नहीं रखता और आवश्यकता पड़ने तक युद्ध जारी रखेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान ने अमेरिका और इजराइल के साथ जारी सैन्य संघर्ष शुरू होने के बाद किसी भी तरह का युद्धविराम संदेश या अनुरोध नहीं भेजा है।

श्री अराघची ने कहा कि युद्ध का अंत इस तरह होना चाहिए कि भविष्य में दुश्मन दोबारा आक्रमण करने के बारे में सोच भी न सके। उन्होंने दावा किया कि अब तक दुश्मनों को “अच्छा सबक” मिल चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान आक्रामकता के खिलाफ अपनी “सम्मानजनक प्रतिरोध” की नीति पर अडिग रहेगा।

इसी बीच अमेरिका और इजराइल की सेनाओं द्वारा ईरान पर हमले जारी हैं। इन हमलों में तेहरान, हमादान और इस्फ़हान जैसे शहरों को निशाना बनाया गया है। वहीं ईरान की जवाबी कार्रवाई भी जारी है, जिसके कारण इजरायल के कई शहरों में नुकसान की खबरें सामने आई हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट