परमाणु ठिकानों पर बढ़ता खतरा: डिमोना पर ईरानी मिसाइल हमले में 100 से ज्यादा घायल

तेलअवीव, 23 मार्च। मध्य पूर्व में जारी तनाव अब और गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। इजराइल के दक्षिणी शहर डिमोना और उसके पास स्थित अराद पर ईरान की ओर से किए गए मिसाइल हमलों में 100 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। डिमोना वही क्षेत्र है जहां इजराइल का प्रमुख परमाणु केंद्र स्थित है, जिससे इस हमले की संवेदनशीलता और भी बढ़ गई है।
इजराइली राहत एवं बचाव दल के अनुसार, हमलों के बाद कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना को अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे टकराव के सबसे गंभीर घटनाक्रमों में से एक माना जा रहा है।
वहीं ईरान के सरकारी मीडिया ने इन हमलों को जवाबी कार्रवाई बताया है। उसके मुताबिक, इससे पहले उसी दिन ईरान के नतांज परमाणु संवर्धन केंद्र पर हमला किया गया था, जिसके जवाब में यह कदम उठाया गया।
लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई ने अब संघर्ष को एक नए और खतरनाक चरण में पहुंचा दिया है। चौथे सप्ताह में प्रवेश कर चुके इस टकराव में दोनों पक्ष अब सीधे तौर पर एक-दूसरे के अहम ठिकानों को निशाना बना रहे हैं, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal