Saturday , April 25 2026

ट्रंप ने होर्मुज समुद्री सुरंग बिछाते पाये जाने वाले ईरानी जहाजों को देखते ही खत्म कर देने का निर्देश दिया

ट्रंप ने होर्मुज समुद्री सुरंग बिछाते पाये जाने वाले ईरानी जहाजों को देखते ही खत्म कर देने का निर्देश दिया

वाशिंगटन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव को और बढ़ाते हुए अपनी नौसेना को कड़े आदेश दिए हैं तथा कहा है कि यदि ईरान से जुड़ी कोई भी नाव इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में बारूदी सुरंगें बिछाती हुई पाई जाए, तो उसे तुरंत ‘नष्ट’ कर दिया जाए।

श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि इस तरह की हरकतों को रोकने में किसी भी तरह की झिझक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अमेरिकी नौसेना की टीमें इस रास्ते को साफ करने के काम में जुटी हुई हैं और सुरक्षा के लिहाज से यह कदम उठाना जरूरी है।

यह सख्ती तब देखने को मिली है जब अमेरिकी रक्षा विभाग ने हिंद महासागर में एक और बड़ी कार्रवाई की। रात के अंधेरे में अमेरिकी सेना ने ‘एम/टी मैजेस्टिक एक्स’ नाम के एक टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया, जिस पर ईरानी तेल लदा होने का शक है। अमेरिका ने साफ कर दिया है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों का इस्तेमाल प्रतिबंधित सामान ढोने के लिए नहीं होने दिया जाएगा।

इसी कड़ी में इस हफ्ते ‘एम/टी टिफानी’ नाम के एक अन्य जहाज को भी रोका गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, ईरान की घेराबंदी करने के इस बड़े अभियान में अब तक 17 युद्धपोत, 100 से ज्यादा विमान और करीब 10,000 सैनिक तैनात किए गए हैं। अब तक 31 जहाजों को वापस बंदरगाहों पर लौटने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

व्हाइट हाउस का कहना है कि वे इस अभियान से संतुष्ट हैं क्योंकि इससे ईरान की आर्थिक कमर टूट रही है। वहीं, ईरान ने अमेरिका की इस कार्रवाई को ‘समुद्री डकैती’ करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ती इस तनातनी से दुनिया भर में कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।

सियासी मियार की रीपोर्ट