नेपाल : राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री बालेन्द्र नहीं देंगे जवाब

काठमांडू, 14 मई। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को आज संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में सहभागी होते हुए संसद के जवाब देने के लिए समय तय किया गया था, लेकिन अंतिम समय में उनकी तरफ से इसे स्थगित कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री के निजी सचिवालय के मुताबिक, प्रतिनिधि सभा की बैठक में संबोधन नहीं करेंगे। सरकार द्वारा संसद में राष्ट्रपति द्वारा पेश प्रस्तुत नीति तथा कार्यक्रम पर उठे सवालों का जवाब प्रधानमंत्री देंगे, ऐसा बताते हुए संसद सचिवालय ने पहले सूचना जारी की थी।
प्रधानमंत्री की प्रेस सलाहकार दीपा दाहाल ने बताया कि प्रधानमंत्री विशेष कारणों से संसद की बैठक को संबोधित नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का आज संसद में संबोधन कार्यक्रम विशेष कारणवश स्थगित कर दिया गया है। संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर उठे सवालों का जवाब वित्तमंत्री स्वर्णिम वागले देंगे।” बताया गया है कि प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की तरफ से दो लाइन का लिखित धन्यवाद प्रस्ताव स्पीकर को सौंप दिया गया है।
मंगलवार को हुई संसद बैठक में विभिन्न दलों के प्रतिनिधित्व के आधार पर सांसदों ने सरकार की नीति तथा कार्यक्रम पर अपने विचार रखे थे। इस पर उठे सवालों का आज प्रधानमंत्री को जवाब देना था। प्रधानमंत्री की संसद से दूरी बनाने की यह घटना पहली नहीं है। सोमवार को राष्ट्रपति द्वारा संसद की संयुक्त बैठक में सहभागी होने के लिए जब आए तब भी प्रधानमंत्री उनके स्वागत के समय वहां से नदारद दिखे। जबकि सामान्य शिष्टाचार के तहत राष्ट्रपति के आगमन के समय स्पीकर, डिप्टी स्पीकर और राष्ट्रीय सभा के अध्यक्ष के साथ प्रधानमंत्री को भी मौजूद होना चाहिए।
इतना ही नहीं राष्ट्रपति के सदन में पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने संसद में प्रवेश किया। प्रधानमंत्री की सबसे बड़ी आलोचना उस बात को लेकर हो रही है जब राष्ट्रपति के अभिभाषण के शुरू होने के कुछ समय बाद ही बालेन्द्र शाह बीच में ही उठ कर चले गए थे।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal