अमेरिका में एयर शो के दौरान दो लड़ाकू विमान टकराए, पायलट सुरक्षित बाहर निकले

वाशिंगटन, 18 मई । अमेरिका के इडाहो प्रांत में आयोजित एक एयर शो के दौरान दो लड़ाकू विमान हवा में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गये, गनीमत रही दोनों विमानों के पायलट सुरक्षित पैराशूट के जरिए बाहर निकल आए। अधिकारियों ने बताया कि चारों कर्मियों की हालत स्थिर है। बीबीसी की एक रिपोर्ट में अमेरिकी नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि बॉइंग ईए-18जी ग्राउलर विमान हवाई प्रदर्शन के दौरान एक-दूसरे से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गये।गनीमत रही कि समय रहते पायलट सुरक्षित बाहर निकल आये। यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें कोई चोट आई है या नहीं। यह दुर्घटना रविवार को ‘गनफाइटर स्काइज़ एयर शो’ के दूसरे और अंतिम दिन हुई। एयर शो माउंटेन होम एयर फोर्स बेस से लगभग 3.2 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में आयोजित किया गया था।
हादसे के बाद मौके पर आग लग गई और एयर बेस को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। इसके साथ ही एयर शो के बाकी कार्यक्रम रद्द कर दिए गये। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। माउंटेन होम एयर फोर्स बेस गनफाइटर्स ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, “घटना में शामिल चालक दल के सदस्य स्थिर स्थिति में हैं।” बयान में कहा गया, “हम सभी आगंतुकों का उनके धैर्य और सहयोग के लिए धन्यवाद करते हैं, जिसकी वजह से हम तेजी और सुरक्षित तरीके से स्थिति से निपट सके।” नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि चालक दल के सदस्यों की चिकित्सकीय जांच की जा रही है। ये दोनों बॉइंग ईए-18जी ग्राउलर विमान वॉशिंगटन राज्य स्थित इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन से संलग्न थे। अमेरिकी नौसेना के अनुसार प्रत्येक विमान की कीमत करीब 6.7 करोड़ डॉलर है।
एयर शो के आयोजन में सहयोग करने वाली संस्था सिल्वर विंग्स ऑफ इडाहो की किम साइक्स ने स्थानीय मीडिया को बताया कि सैन्य अड्डे पर किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। उल्लेखनीय है कि ‘गनफाइटर स्काइज़ एयर शो’ का पिछला आयोजन वर्ष 2018 में हुआ था, जिसमें एक ग्लाइडर पायलट की दुर्घटना में मौत हो गई थी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal