अमेरिका में ‘ऑपरेशन चेकमेट’: गैर-कानूनी तरीके से ट्रक चला रहे 30 भारतीय गिरफ्तार

न्यूयॉर्क, अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे और कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहे 30 भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन द्वारा एरिजोना के युमा सेक्टर में चलाए गए ‘ऑपरेशन चेकमेट’ के दौरान कुल 52 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से 36 सेमी-ट्रक ड्राइवर थे। गिरफ्तार किए गए इन लोगों में भारतीयों के अलावा मेक्सिको, अल साल्वाडोर और रूस के नागरिक भी शामिल हैं।
जांच में सामने आया है कि इन लोगों के पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क और वाशिंगटन जैसे राज्यों के कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस थे, जबकि कुछ के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। अधिकांश के पास मौजूद एम्प्लॉयमेंट ऑथराइजेशन डॉक्यूमेंट्स पूर्व प्रशासन के समय के थे, जो अब वैध नहीं हैं। कानून का उल्लंघन करने के कारण इन सभी पर फेडरल नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए इन्हें जल्द ही भारत डिपोर्ट कर दिया जाएगा।
अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल के एक्टिंग चीफ डस्टिन कॉडल ने कहा कि ‘ऑपरेशन चेकमेट’ का उद्देश्य सड़कों पर असुरक्षित ड्राइवरों की मौजूदगी को खत्म कर पब्लिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। राष्ट्रपति के निर्देशों के अनुसार, अयोग्य विदेशी ड्राइवरों को कमर्शियल गाड़ियां चलाने से रोकने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हाल के दिनों में सड़क हादसों में विदेशी ड्राइवरों की संलिप्तता को देखते हुए अमेरिका ने अपनी इमिग्रेशन और ट्रैफिक कानूनों के प्रवर्तन को और अधिक सख्त कर दिया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal