शेयर बाजार पर दिखेगा जीडीपी के आंकड़ों का असर

मुंबई, 07 जून । घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों का असर दिखेगा।
जीडीपी के आंकड़े शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद जारी किये गये थे, इसलिए इनका असर सोमवार को बाजार खुलने पर दिखेगा। वित्त वर्ष 2026-27 में जीडीपी की वृ्द्धि दर 7.7 प्रतिशत रही जबकि चौथी तिमाही में यह 7.8 प्रतिशत दर्ज की गई।
इसके अलावा, निवेशकों की नजर मानसून की प्रगति पर भी रहेगी। तीन दिन की देरी से मानसून 04 जून को केरल पहुंचा था। गत सप्ताह एक बार फिर शेयर बाजारों में गिरावट का रुख रहा। बीएसई का सेंसेक्स 532.40 अंक (0.71 प्रतिशत) टूटकर शुक्रवार को 74.243.34 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 181.05 अंक यानी 0.77 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 23,366.70 अंक पर बंद हुआ। वृहत बाजार पर भी दबाव रहा। सप्ताह के दौरान निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.67 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.21 प्रतिशत फिसल गया।
बीते सप्ताह सेंसेक्स की 30 में से 20 कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही। एनटपीसी ने सबसे अधिक 6.49 प्रतिशत का नुकसान उठाया। अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 4.70 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व का 4.57, एलएंडटी का 3.01, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 2.52, टीसीएस का 2.47, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.22 और आईटीसी का 2.18 प्रतिशत गिर गया।
कोटक महिंद्रा बैंक में 1.87 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 1.72, भारती एयरटेल में 1.68, ट्रेंट में 1.67, पावरग्रिड में 1.52, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.17, एक्सिस बैंक में 1.15 और टाटा स्टील में 1.01 प्रतिशत की गिरावट रही। सन फार्मा, बीईएल और मारुति सुजुकी के शेयर भी नीचे बंद हुए।
टाइटन में सबसे अधिक 4.55 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त रही। इंफोसिस का शेयर 3.21 प्रतिशत, इटरनल का 2.21, इंडिगो का 1.65, भारतीय स्टेट बैंक का 1.43 और अडानी पोर्ट्स का 1.02 प्रतिशत चढ़ा। आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी ऊपर बंद हुए।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal