Monday , October 5 2026

मुंबई हवाई अड्डे से उड़ानों के स्थानांतरण के मुद्दे पर विमानन मंत्रालय छह अक्टूबर को करेगा बैठक

मुंबई हवाई अड्डे से उड़ानों के स्थानांतरण के मुद्दे पर विमानन मंत्रालय छह अक्टूबर को करेगा बैठक

नई दिल्ली/मुंबई, 05 अक्टूबर। नागर विमानन मंत्रालय ने मुंबई हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के एक हिस्से को नवी मुंबई हवाई अड्डे पर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर चर्चा के लिए मंगलवार को एयरलाइंस और अदाणी एयरपोर्ट्स के प्रतिनिधियों की एक बैठक बुलाई है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

मुंबई हवाईअड्डे के टर्मिनल 1 (टी1) का नवीनीकरण जनवरी 2027 में शुरू होने वाला है। इसके मद्देनजर एयरलाइंस से 25 अक्टूबर से अपने अंतरराष्ट्रीय परिचालन में एक-तिहाई की कटौती करने या उड़ानों को नवी मुंबई हवाई अड्डे पर स्थानांतरित करने को कहा गया है।

दोनों हवाई अड्डे अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) का हिस्सा हैं। हालांकि, एयरलाइंस ने इस कदम को लेकर चिंता जताई है। वहीं एएएचएल का कहना है कि टी1 के भविष्य को लेकर 2020 से ही विमानन कंपनियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श चल रहा है।

सूत्रों ने बताया कि नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में अदाणी एयरपोर्ट्स सहित इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अन्य एयरलाइंस के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि यह बैठक छह अक्टूबर को होगी।

सियासी मियार की रीपोर्ट