Wednesday , June 10 2026

होर्मुज में युद्ध का खतरा: ईरानी विदेश मंत्री की अमेरिका को सीधी चेतावनी, कहा- ‘सुरक्षित रहना है तो हमारे इलाके से तुरंत बाहर निकलें’

होर्मुज में युद्ध का खतरा: ईरानी विदेश मंत्री की अमेरिका को सीधी चेतावनी, कहा- ‘सुरक्षित रहना है तो हमारे इलाके से तुरंत बाहर निकलें’

तेहरान, 10 जून। होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव चरम पर है। ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमेरिका को आखिरी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अमेरिका खुद को सुरक्षित रखना चाहता है, तो उसे तत्काल ईरानी क्षेत्र से बाहर निकल जाना चाहिए। अराघची ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि ईरान किसी भी प्रकार के बाहरी दबाव या घुसपैठ के सामने झुकने वाला नहीं है। उन्होंने फारस की खाड़ी के इतिहास का हवाला देते हुए बाहरी ताकतों को चेतावनी दी कि यहां हस्तक्षेप करना उनके लिए विनाशकारी साबित हो सकता है।
संप्रभुता और जलक्षेत्र पर बढ़ा विवाद

ईरानी विदेश मंत्री ने होर्मुज की अंतरराष्ट्रीय स्थिति को चुनौती देते हुए कहा कि यह जलक्षेत्र अंतरराष्ट्रीय नहीं, बल्कि ईरान और ओमान के बीच बंटा हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरानी सेना अपने हवाई, जमीनी और जलक्षेत्र की रक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है। अराघची के अनुसार, क्षेत्र में मौजूद विदेशी सेनाओं के लिए हमेशा मानवीय गलतियों या अचानक गोलीबारी में फंसने का खतरा बना रहता है, इसलिए उनका वहां से हट जाना ही क्षेत्रीय स्थिरता के लिए सबसे अच्छा विकल्प है।
सैन्य संघर्ष और कूटनीति का दौर

यह तनाव तब और गहरा गया जब 9 जून को अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने ईरान पर ‘सेल्फ-डिफेंस’ के नाम पर हवाई हमले किए। यह कार्रवाई एक अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराए जाने के जवाब में की गई थी, जिसमें ईरान के रडार और एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया। हालांकि ईरान ने कूटनीति के द्वार खुले रखने की बात कही है, लेकिन साथ ही यह भी चेतावनी दी है कि उनके योद्धा किसी भी स्तर के युद्ध के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट