नई ट्रायम्फ ट्रैकर 400 ने दी भारतीय बाजार में दस्तक

नई दिल्ली,। ट्रायम्फ मोटरसाइकिल्स और बजाज कंपनी की साझेदारी से विकसित 400 सीसी प्लेटफॉर्म पर आधारित नई ट्रायम्फ ट्रैकर 400 ने भारतीय बाजार में दस्तक दे दी है। कंपनी ने इसे फ्लैट-ट्रैक रेसिंग से प्रेरित डिज़ाइन के साथ पेश किया है, जिसमें कैफे रेसर, स्क्रैम्बलर और रोडस्टर तीनों का मिश्रण दिखाई देता है। पहली नजर में यह स्पीड 400 का एक और संस्करण लग सकती है, लेकिन सड़क पर उतरते ही इसका अलग व्यक्तित्व सामने आता है। ट्रैकर 400 का लुक पारंपरिक ट्रायम्फ मोटरसाइकिलों की याद दिलाता है, जिसमें ब्लैक फ्लाईस्क्रीन और यूएसडी फ्रंट फोर्क्स इसे स्पोर्टी बनाते हैं।
साइड पैनल पर दिया गया ‘400’ ग्राफिक इसे स्पीड 400 से अलग पहचान देता है, जबकि पीछे की सीट और टेल सेक्शन में थ्रक्सटन जैसी झलक दिखती है। एग्जॉस्ट का डिज़ाइन स्क्रैम्बलर 400 एक्स से प्रेरित लगता है, और ईंधन टैंक में बदलाव से राइडर को बेहतर पकड़ मिलती है। इसमें 805 मिमी की सीट ऊंचाई और 162 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है, जिसका कुल वजन 181 किलोग्राम है। सस्पेंशन ट्रैवल को दोनों तरफ 130 मिमी तक बढ़ाया गया है, जिससे खराब सड़कों पर भी आराम मिलता है। ट्रैकर 400 में 398 सीसी का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल सिलेंडर इंजन है, जो 40 बीएचपी की शक्ति और 32 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है।
छह-स्पीड गियरबॉक्स के साथ, यह इंजन 3,000 आरपीएम पर कुल टॉर्क का 80 प्रतिशत देता है, जिससे शहर के ट्रैफिक में भी सहज राइडिंग मिलती है। इसकी राइडिंग पोजिशन सबसे खास है, जिसमें हैंडलबार को नीचे और चौड़ा रखा गया है, जबकि फुटपेग्स को पीछे और ऊपर लगाया गया है। इससे स्टीयरिंग स्पीड 400 की तुलना में अधिक तेज प्रतिक्रिया देता है और मोड़ों पर दिशा बदलना आसान महसूस होता है। बाइक में स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल है, लेकिन स्विचेबल एबीएस नहीं है। ट्रायम्फ ट्रैकर 400 की एक्स-शोरूम कीमत 2.46 लाख रुपये है, जो इसे स्पीड 400 से महंगी और स्क्रैम्बलर 400 एक्स से सस्ती बनाती है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal