अरब सागर के ऊपर लापता हुआ पाकिस्तान का कार्गो विमान, 5 क्रू सदस्यों के साथ रडार से अचानक टूटा संपर्क

कराची, संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची आ रहा K2 एयरवेज का 27 साल पुराना बोइंग 737-400 कार्गो विमान रहस्यमय तरीके से अरब सागर में लापता हो गया है। विमान में 5 क्रू सदस्य सवार थे। स्थानीय समयानुसार सुबह 9:18 बजे विमान के नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी, जिसके मात्र तीन मिनट बाद ही यह रडार से तेजी से नीचे आते हुए गायब हो गया। यह विमान कराची से करीब 300 किलोमीटर की दूरी पर था, तभी उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क पूरी तरह टूट गया।
नौसेना का व्यापक खोज और बचाव अभियान
विमान के गायब होने की सूचना मिलते ही पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने युद्ध स्तर पर खोज अभियान शुरू कर दिया है। पाकिस्तान नौसेना ने युद्धपोत पीएनएस जुल्फिकार और तुरबत के साथ-साथ एक एटीआर विमान को तैनात किया है, जबकि वायु सेना का साब निगरानी विमान भी अभियान में जुटा हुआ है। हालांकि, व्यापक तलाशी के बावजूद अब तक गहरे समुद्र में विमान के मलबे या चालक दल का कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है। बचाव दल लगातार क्षेत्र की गहन छानबीन कर रहे हैं।
तकनीकी विशेषज्ञों की चिंताएं
विमानन विशेषज्ञों के लिए इस घटना की अचानक हुई प्रकृति चिंता का विषय बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि सामान्य परिस्थितियों में इंजन फेल होने पर विमान ग्लाइड करता है, लेकिन यह विमान अप्रत्याशित रूप से सीधे नीचे गिरा, जिसने विमानन प्रशासन को हैरान कर दिया है। 35,000 फीट की ऊंचाई और 790 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ रहा यह विमान रडार से अचानक गायब कैसे हुआ, इसके कारणों की जांच की जा रही है। अभी तक हादसे के स्पष्ट कारणों की कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal