Thursday , July 16 2026

आईआरसीटीसी का नया अवतार: टिकट बुकिंग होगी अब बेहद आसान, नए पोर्टल में मिलेंगे ये 4 बड़े बदलाव

आईआरसीटीसी का नया अवतार: टिकट बुकिंग होगी अब बेहद आसान, नए पोर्टल में मिलेंगे ये 4 बड़े बदलाव

नई दिल्ली, 16 जुलाई। भारतीय रेलवे ने अपनी टिकट बुकिंग वेबसाइट आईआरसीटीसी का नया और आधुनिक बीटा वर्जन लाइव कर दिया है। पिछले 24 वर्षों में यह सबसे बड़ा तकनीकी बदलाव है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को एक सरल और तेज अनुभव प्रदान करना है। रेल मंत्रालय के अनुसार, यह नया पोर्टल अभी फीडबैक के लिए खोला गया है और इसे पूरी तरह से कार्यशील बनाने की प्रक्रिया जारी है। इस बदलाव की नींव मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के छात्रों के सुझावों से पड़ी, जिन्हें रेलवे की डिजाइन टीम के साथ मिलकर क्रियान्वित किया गया है।
पोर्टल में हुए चार प्रमुख बदलाव

नई वेबसाइट को विज्ञापन-मुक्त और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार परेशान करने वाले विज्ञापनों और कैप्चा कोड से छुटकारा मिलेगा। सबसे बड़ा सुधार यह है कि अब स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी जैसी विभिन्न श्रेणियों की सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर एक साथ देखी जा सकेगी। साथ ही, बुकिंग प्रक्रिया को छोटा कर दिया गया है ताकि कम समय में टिकट बुक हो सके। इसके अलावा, यात्रियों की जानकारी पहले से सेव होने के कारण बार-बार फॉर्म भरने की समस्या समाप्त हो गई है।
डिजिटल सुधार की निरंतर प्रक्रिया

रेलवे का लक्ष्य अपनी डिजिटल प्रणाली को पूरी तरह से आधुनिक बनाना है। यह नई व्यवस्था रोजाना लाखों टिकटों की बुकिंग को बिना किसी रुकावट के तेज बनाने में मदद करेगी। फिलहाल, बैकएंड में पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन (पीआरएस) को भी अपग्रेड किया जा रहा है ताकि सिस्टम अधिक प्रभावी बन सके। अगले कुछ हफ्तों में, जनता से प्राप्त सुझावों और अनुभव के आधार पर इसमें जरूरी सुधार करके, इस नई और तेज वेबसाइट को स्थाई रूप से लागू कर दिया जाएगा।

सियासी मियार की रीपोर्ट