Thursday , July 16 2026

आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट हुई लॉन्च, अब मिनटों में बुक होगी ट्रेन टिकट, कैप्चा की झंझट भी होगी कम

आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट हुई लॉन्च, अब मिनटों में बुक होगी ट्रेन टिकट, कैप्चा की झंझट भी होगी कम

नई दिल्ली, 16 जुलाई । अगर आप ट्रेन टिकट बुक करने के लिए अक्सर आईआरसीटीसी की वेबसाइट का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। बता दें कि भारतीय रेलवे ने आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन जारी कर दिया है। अभी इसे टेस्टिंग के लिए लॉन्च किया गया है ताकि यूजर्स इसका इस्तेमाल कर अपने सुझाव दे सकें। वहीं रेलवे का कहना है कि फीडबैक के आधार पर वेबसाइट में और सुधार किए जाएंगे जिसके बाद इसे सभी यात्रियों के लिए पूरी तरह रोलआउट किया जाएगा।

ध्यान देने वाली बात यह है कि आईआरसीटीसी की मौजूदा वेबसाइट की शुरुआत साल 2002 में हुई थी और आज यह रोजाना औसतन 14.5 लाख से अधिक टिकट बुकिंग संभालती है। लगभग 24 साल बाद अब इसके डिजाइन और टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव किया जा रहा है।

नया इंटरफेस और आसान चेकआउट से मिलेगा बेहतर अनुभव
इस नए ऐप को लेकर रेल मंत्रालय ने कहा है कि नई वेबसाइट का सबसे बड़ा बदलाव इसका क्लीन और यूजर-फ्रेंडली इंटरफेस है। अब स्क्रीन पर अनावश्यक पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट कम होंगे जिससे टिकट बुकिंग पहले की तुलना में ज्यादा आसान और तेज होगी। इसके अलावा चेकआउट प्रोसेस को भी सरल बनाया गया है। पहले टिकट बुक करने के दौरान कई स्क्रीन और स्टेप पूरे करने पड़ते थे लेकिन अब इस प्रक्रिया को छोटा किया गया है जिससे समय की बचत होगी।

कैप्चा की परेशानी कम
इस नई वेबसाइट में सबसे ज्यादा राहत कैप्चा को लेकर दी जा रही है। अब टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार कैप्चा भरने की जरूरत काफी हद तक कम कर दी गई है। इससे खासकर तत्काल टिकट बुक करने वाले यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। साथ ही अब अलग-अलग क्लास में सीट उपलब्धता देखने के लिए बार-बार विकल्प बदलने की जरूरत नहीं होगी। यूजर्स एक ही स्क्रीन पर सभी क्लास की सीटों की उपलब्धता देख सकेंगे। यदि आप नियमित रूप से एक ही यात्रियों के लिए टिकट बुक करते हैं तो सेव किए गए पैसेंजर की जानकारी दोबारा इस्तेमाल की जा सकेगी। इससे हर बार नाम, उम्र और अन्य विवरण भरने का झंझट खत्म होगा।

जल्द नए पीआरएस सिस्टम से जुड़ेगी वेबसाइट
इसको लेकर रेल मंत्रालय ने बताया कि नई वेबसाइट के डिजाइन में एमएनआईटी जयपुर के छात्रों के सुझावों को भी शामिल किया गया है ताकि प्लेटफॉर्म अधिक आधुनिक और उपयोगकर्ता-अनुकूल बन सके।

जानकारी के लिए बता दें कि अभी के लिए यह बीटा वर्जन में है और इसे फीडबैक के लिए जारी किया गया है। वहीं आने वाले समय में इसे रेलवे के नए पैसेंजर रिज़र्वेशन सिस्टम (पीआरएस) से भी जोड़ा जाएगा जिससे भारी ट्रैफिक के दौरान भी टिकट बुकिंग अधिक तेज और स्थिर रहेगी। अगर बीटा टेस्टिंग सफल रहती है तो जल्द ही करोड़ों यात्रियों को नया आईआरसीटीसी पोर्टल इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।

सियासी मियार की रीपोर्ट