Tuesday , October 6 2026

एयरटेल के अनलिमिटेड 5जी की खुली पोल? हॉटस्पॉट नहीं चलेगा, 300जीबी लिमिट पर भी उठे सवाल

एयरटेल के अनलिमिटेड 5जी की खुली पोल? हॉटस्पॉट नहीं चलेगा, 300जीबी लिमिट पर भी उठे सवाल

नई दिल्ली, 18 जुलाई । आप भी एयरटेल का अनलिमिटेड 5जी प्लान इस्तेमाल कर रहे हैं और सोचते हैं कि मोबाइल हॉटस्पॉट के जरिए लैपटॉप, टैबलेट या दूसरे फोन पर भी बेझिझक इंटरनेट चला सकेंगे तो अब ऐसा होना मुश्किल है। बता दें कि हाल ही में एयरटेल के 5जी प्लान की कुछ शर्तें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कंपनी के अनलिमिटेड 5जी दावे को लेकर नई बहस छिड़ गई है। देखा गया है कि कई यूजर्स ने एयरटेल की आधिकारिक टर्म्स एंड कंडिशन्स के स्क्रीनशॉट शेयर किए हैं।

इनमें दावा किया गया है कि अनलिमिटेड 5जी डेटा को मोबाइल हॉटस्पॉट के जरिए दूसरे डिवाइस के साथ शेयर करने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा कुछ यूजर्स ने 300GB डेटा लिमिट का भी मुद्दा उठाया है जिससे अनलिमिटेड शब्द पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

हॉटस्पॉट से दूसरे डिवाइस पर नहीं चलेगा 5जी डेटा
जो स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है उसके अनुसार एयरटेल के अनलिमिटेड 5G डेटा का इस्तेमाल केवल उसी स्मार्टफोन में किया जा सकता है जिसमें यह प्लान एक्टिव है। इसका सीधा मतलब है कि अगर आप मोबाइल हॉटस्पॉट ऑन करके लैपटॉप, स्मार्ट टीवी या किसी दूसरे फोन में इंटरनेट चलाना चाहते हैं तो यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इस खुलासे के बाद कई यूजर्स का कहना है कि प्लान का प्रचार करते समय इस तरह की शर्तों को स्पष्ट रूप से बताया जाना चाहिए ताकि ग्राहकों को बाद में परेशानी का सामना न करना पड़े।

300जीबी डेटा लिमिट पर भी उठे सवाल
वहीं कुछ यूजर्स का दावा है कि एयरटेल के कुछ प्रीपेड प्लान में अनलिमिटेड 4जी और 5जी डेटा का वादा किया जाता है लेकिन 30 दिनों के भीतर 300जीबी तक डेटा उपयोग की सीमा तय है। यदि कोई ग्राहक इससे अधिक डेटा इस्तेमाल करता है तो उसे व्यावसायिक उपयोग माना जा सकता है। यही वजह है कि कई लोगों ने सवाल उठाया है कि जब डेटा को अनलिमिटेड कहा जा रहा है तो फिर उपयोग की सीमा क्यों तय की गई है।

जियो से हो रही तुलना, यूजर्स ने जताई नाराजगी
इन शर्तों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जाहिर की। खासकर वे लोग जो लैपटॉप में सिम स्लॉट न होने के कारण मोबाइल हॉटस्पॉट पर निर्भर रहते हैं। इस नियम को असुविधाजनक बता रहे हैं। वहीं कई यूजर्स ने एयरटेल की तुलना जियो से करते हुए कहा कि जियो के 5जी प्लान में फिलहाल हॉटस्पॉट उपयोग या डेटा सीमा जैसी शर्तों का उल्लेख नहीं है। यही कारण है कि कुछ लोग जियो के अनलिमिटेड 5जी ऑफर को ज्यादा फायदेमंद मान रहे हैं। लेकिन किसी भी टेलीकॉम प्लान को रिचार्ज कराने से पहले उसकी टर्म्स एंड कंडिशन्स को ध्यान से पढ़ना जरूरी है। इससे आपको यह समझने में आसानी होगी कि अनलिमिटेड ऑफर के साथ कौन-कौन सी शर्तें लागू हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट