Tuesday , August 11 2026

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में गिरावट

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में गिरावट

मुंबई, 10 अगस्त । वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने से सोमवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 19.38 अंक की गिरावट के साथ 78,479.79 अंक पर आ गया। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 5.10 अंक फिसलकर 24,567.45 अंक पर कारोबार कर रहा था।

बाद में कारोबार के दौरान सेंसेक्स 158.62 अंक टूटकर 78,340.55 अंक पर और निफ्टी 45.20 अंक गिरकर 24,524.95 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इटरनल, भारतीय स्टेट बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और भारती एयरटेल के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

वहीं, टाइटन, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे थे।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.03 प्रतिशत बढ़कर 84.41 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 480.24 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की-225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

शुक्रवार को सेंसेक्स 455.59 अंक टूटकर 78,499.17 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 65.35 अंक की गिरावट के साथ 24,570.65 अंक पर बंद हुआ था।

सियासी मियार की रीपोर्ट