Friday , August 14 2026

रुपया शुरुआती कारोबार में दो पैसे मजबूत होकर 95.43 प्रति डॉलर पर

रुपया शुरुआती कारोबार में दो पैसे मजबूत होकर 95.43 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 14 अगस्त । विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर के कमजोर रुख के बीच रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में दो पैसे मजबूत होकर 95.43 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजार से विदेशी पूंजी की निकासी और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण रुपये पर दबाव बना रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.39 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.43 के स्तर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की मामूली बढ़त है।

रुपया बृहस्पतिवार को 12 पैसे की गिरावट के साथ 95.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.78 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 315.50 अंक यानी 0.40 प्रतिशत टूटकर 77,764.46 अंक पर जबकि निफ्टी 72.70 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,321.95 अंक पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 0.16 प्रतिशत चढ़कर 87.21 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को शुद्ध आधार पर 510.69 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सियासी मियार की रीपोर्ट