जेएसडब्ल्यू महानदी पावर ने रायगढ़ चंपा रेल से विवाद निपटाया, एनसीएलएटी ने अपील का निपटान किया

नई दिल्ली, । राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) ने जेएसडब्ल्यू महानदी पावर कंपनी लिमिटेड और रायगढ़ चंपा रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड (आरसीआरआईपीएल) के बीच चल रहे विवाद का निपटारा कर दिया है। दोनों कंपनियों के बीच आपसी सहमति से समझौता होने के बाद चेन्नई पीठ ने अपील का निपटारा कर दिया। अब जेएसडब्ल्यू का दोनों इकाइयों पर नियंत्रण हो गया है।
न्यायमूर्ति एन. शेषासाई (न्यायिक सदस्य) और जतिंद्रनाथ स्वैन (तकनीकी सदस्य) की पीठ ने दोनों कंपनियों की ओर से दाखिल संयुक्त ज्ञापन को रिकॉर्ड में लेते हुए कहा कि अपील का निपटारा ज्ञापन में दर्ज शर्तों के अनुसार किया जाता है।
यह विवाद 2014 में हुए कोयला परिवहन अवसंरचना समझौते के तहत आरसीआरआईपीएल की ओर से जेएसडब्ल्यू महानदी पावर (पूर्व में केएसके महानदी पावर कंपनी लिमिटेड) को जारी किए गए बकाया बिलों से संबंधित था।
दोनों कंपनियां अलग-अलग दिवाला समाधान प्रक्रिया में रहीं। केएसके महानदी पावर के लिए 2019 में, जबकि आरसीआरआईपीएल के लिए 2021 में दिवाला कार्यवाही शुरू हुई। बाद में जेएसडब्ल्यू एनर्जी लिमिटेड दोनों कंपनियों के लिए सफल समाधान आवेदक के रूप में उभरी।
आरसीआरआईपीएल के तत्कालीन समाधान पेशेवर ने बकाया बिलों के भुगतान के लिए राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) का रुख किया था। एनसीएलटी ने सितंबर, 2021 में उसके पक्ष में फैसला सुनाया, जिसके खिलाफ जेएसडब्ल्यू महानदी पावर ने एनसीएलएटी में अपील दायर की थी।
अपील लंबित रहने के दौरान एनसीएलएटी ने दिसंबर, 2021 और अक्टूबर, 2024 में अंतरिम आदेश जारी करते हुए बकाया तथा भविष्य के बिलों के संबंध में 50 प्रतिशत भुगतान की व्यवस्था का निर्देश दिया था। दोनों पक्षों ने इन आदेशों का पालन किया।
जनवरी, 2026 में एनसीएलटी ने आरसीआरआईपीएल के लिए जेएसडब्ल्यू एनर्जी की समाधान योजना को मंजूरी दी। इससे पहले एनसीएलटी ने केएसके महानदी पावर के लिए भी जेएसडब्ल्यू एनर्जी की समाधान योजना को मंजूरी दे चुका था।
दोनों कंपनियों के जेएसडब्ल्यू एनर्जी समूह का हिस्सा बनने के बाद पक्षों ने विवाद के समाधान के लिए बातचीत शुरू की। इसके बाद छह अगस्त, 2026 को दोनों पक्षों ने समझौता कर विवाद को समाप्त करने पर सहमति जताई।
एनसीएलएटी ने अपने आदेश में कहा कि दोनों पक्षों ने विवाद का सौहार्दपूर्ण तरीके से निपटारा करने और संबंधित विवाद को बंद करने के लिए समझौता किया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal