वन97 कम्युनिकेशंस में विजय शेखर शर्मा के स्वामित्व वाली रेजिलिएंट बेचेगी 4.98 प्रतिशत हिस्सेदारी

नई दिल्ली, 19 अगस्त । पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा के स्वामित्व वाली रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट एक थोक सौदे के जरिए वन97 कम्युनिकेशंस में 4.98 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है।
शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक इस सौदे से मिलने वाली राशि को चीन स्थित अलीबाबा समूह की कंपनी एंटफिन द्वारा विक्रेता रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट के साथ अपने मौजूदा वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय ऋणपत्र (ओसीडी) समझौते के तहत रखा जाएगा।
एंटफिन ने पेटीएम ब्रांड का स्वामित्व रखने वाली कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस में अपनी 10.3 प्रतिशत की सीधी हिस्सेदारी कुल 62.8 करोड़ डॉलर के मूल्यांकन पर रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट को हस्तांतरित कर दी थी। हालांकि इस हिस्सेदारी में चीनी कंपनी के पास आर्थिक अधिकार बने रहे थे।
अगस्त में रेजिलिएंट के साथ एंटफिन का लेनदेन लगभग 795 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ था, जो पेटीएम के आईपीओ मूल्य 2,150 रुपये प्रति शेयर का लगभग एक-तिहाई था। बीएसई पर सोमवार को पेटीएम का भाव 1,583 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal