विमेंस एशिया कप: सिर्फ 22 साल की शेफाली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रच दिया इतिहास

नई दिल्ली, । शेफाली वर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3 हजार रनों का आंकड़ा छूने वाली सबसे युवा महिला क्रिकेटर बन गई हैं। शेफाली ने यह कारनामा 22 साल 220 दिन की उम्र में किया। इसी के साथ शेफाली ने आयरलैंड की गैबी लुईस (24 साल 347 दिन) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इस लिस्ट में यूएई की ईशा ओझा (27 साल 139 दिन) तीसरे पायदान पर हैं, जबकि भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (27 साल 171 दिन) चौथे और वेस्टइंडीज की दिग्गज क्रिकेटर हेली मैथ्यूज (27 साल 347 दिन) पांचवें पायदान पर मौजूद हैं।
शनिवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए विमेंस एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में शेफाली ने पाकिस्तान के विरुद्ध 6 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ 12 रन की पारी खेली। इसी के साथ शेफाली ने इस आंकड़े को पार कर लिया। शेफाली महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में 3,000 रन बनाने वाली 16वीं खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में वह स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बाद भारत की तीसरी खिलाड़ी हैं।
शनिवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम 18.1 ओवरों में सिर्फ 55 रन पर ढेर हो गई। मुनीबा अली ने शवाल जुल्फिकार के साथ पहले विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी की, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। भारत की तरफ से श्री चरणी और प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट हासिल किए। शेफाली वर्मा को 1 विकेट हाथ लगा।
इसके जवाब में भारत ने 8.4 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते जीत हासिल की। आसान टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा (12) के रूप में 13 के स्कोर पर पहला झटका लगा। इसके बाद 18 के स्कोर पर प्रतिका रावल (4) भी पवेलियन लौट गईं। स्मृति मंधाना (9) कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 11 रन ही जुटा सकीं।
भारत ने 29 के स्कोर तक 3 विकेट खो दिए थे। इसके बाद हरमनप्रीत कौर (नाबाद 18) ने दीप्ति शर्मा (नाबाद 12) के साथ चौथे विकेट के लिए 28 गेंदों में इतने ही रनों की साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। पाकिस्तान के लिए तीनों विकेट कप्तान फातिमा सना ने निकाले।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal