वाराणसी: कार को ओवरटेक करते समय डिवाइडर से टकराई बाइक, एक की मौत, दो घायल

वाराणसी, 29 अगस्त । चौबेपुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव के पास शुक्रवार देर शाम कार को ओवरटेक करते समय बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
सारनाथ के रसूलगढ़ गांव निवासी अजय पटेल (24 वर्ष) अपने दोस्त शिवम पटेल, अनुराग पटेल के साथ बाइक से राखी बंधवाकर मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने गया था। जलाभिषेक और दर्शन के बाद तीनों बाइक से लौट रहे थे। बनकट गांव के समीप बाइक चला रहे अनुराग ने सामने चल रही कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया। उस दौरान बाइक की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गए। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने तत्काल घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनुराग और शिवम को प्राथमिक उपचार के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal