दिग्विजय सिंह की ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ पर अयोध्या के संतों का विरोध, बोले-यह राजनीतिक यात्रा

अयोध्या, 10 सितंबर । कांग्रेस सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ को लेकर अयोध्या में सियासी और धार्मिक बयानबाजी तेज हो गई है। हनुमानगढ़ी और तपस्वी छावनी से जुड़े संतों ने यात्रा के ऐलान पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक कदम बताया है। संतों का आरोप है कि कांग्रेस और दिग्विजय सिंह अब सनातन धर्म की बात करके राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।
हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास ने दिग्विजय सिंह की यात्रा पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक कहावत का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस और उसकी विचारधारा हमेशा से सनातन संस्कृति, हिंदू धर्म और हिंदुत्व की विरोधी रही है। ऐसे में अब ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकालना उनकी राजनीति में बदलाव का संकेत नहीं, बल्कि जनता को भ्रमित करने की कोशिश है।
वहीं, तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने राम मंदिर में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों राम मंदिर से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के मामले को इंडी अलायंस ने जिस तरह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया, उस पर कानूनी कार्रवाई हो चुकी है। उनके मुताबिक, मामले में दोषी लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और मंदिर का पैसा वापस लाकर जमा कराया गया है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद इस मुद्दे को लेकर सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती।
हनुमानगढ़ी के पुजारी देवेशाचार्य महाराज ने भी यात्रा को लेकर दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का अपना स्वाभिमान ही नहीं बचा है, उनके द्वारा ‘स्वाभिमान यात्रा’ निकाला जाना समाज के साथ धोखा है।
स्वामी नरेंद्रचार्य जी महाराज ने यात्रा को सीधे तौर पर राजनीतिक मुद्दा करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर यह यात्रा राम जन्मभूमि के उद्घाटन या धार्मिक आयोजन के सिलसिले में होती, तो अयोध्या के लोग इसका स्वागत करते। लेकिन दान की कथित चोरी के मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाकर यात्रा निकालने को संत समाज स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह की यात्रा का उद्देश्य 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर राजनीतिक जमीन तैयार करना है। स्वामी नरेंद्रचार्य ने कहा कि दिग्विजय सिंह अपने राजनीतिक हितों के लिए प्रचार कर रहे हैं और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सफलता की संभावनाएं बेहद सीमित हैं।
बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने धर्म के नाम पर कथित लूट और श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ के खिलाफ ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकालने का ऐलान किया है। यह यात्रा 20 अक्टूबर से उज्जैन से शुरू होकर अयोध्या तक जाएगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal