एसोचैम ने न्यू डेवलपमेंट बैंक के एक दशक के काम को सराहा

नई दिल्ली, 10 सितंबर। उद्योग संगठन एसोचैम ने ब्रिक्स के न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) के एक दशक के काम की तारीफ करते हुए गुरुवार को कहा कि उसने सकल ऋण मंजूरी में लक्ष्य से 43 प्रतिशत अधिक हासिल कर अपनी दक्षता का प्रमाण दिया है।
एसोचैम के ग्लोबल रिसर्च एंड स्ट्रैटेजी सेंटर की रिपोर्ट ‘ब्रिक्स न्यू डेवलपमेंट बैंक: कैटलाइज़िंग द न्यू ग्लोबल इकोनॉमिक ऑर्डर’ के अनुसार, 2022-2026 की अवधि के लिए 30 अरब डॉलर के लक्ष्य के मुकाबले एनडीबी ने 42.9 अरब डॉलर की सकल ऋण मंजूरी हासिल की है। यह लक्ष्य से 12.9 अरब डॉलर (43 प्रतिशत) अधिक है। वहीं, शुद्ध ऋण मंजूरी 35.6 अरब डॉलर तक पहुंच गई, जो लक्ष्य से 5.6 अरब डॉलर अधिक है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस वित्त पोषण से हरित ऊर्जा, परिवहन, पानी और साफ-सफाई, सामाजिक अवसंरचना और अन्य हरित विकास प्राथमिकताओं से जुड़ी लगभग 140 परियोजनाओं को मदद मिली है। अलग-अलग उधार लेने वालों की क्रेडिट प्रोफाइल पर पूरी तरह निर्भर रहने की बजाय एनडीबी खुद की निवेश ग्रेड रेटिंग का इस्तेमाल कर विकासशील सदस्य देशों को अधिक लाभकारी वित्तीय लागत पर और लंबी अवधि के लिए ऋण दे पाता है।
एसोचैम के अध्यक्ष निर्मल के. मिंडा ने एनडीबी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह बहुत ही प्रतिस्पर्धी दरों पर बुनियादी ढांचों के विकास के लिए ऋण दे सकता है। उसे एसएंडपी से एए प्लस, फिच से एए और जेसीआरए/सीसीएक्सआई से एएए जैसी मजबूत अंतरराष्ट्रीय साख रेटिंग का समर्थन हासिल है। उन्होंने कहा कि यह उन अर्थव्यवस्थाओं के लिए एक बड़ा फायदा है जो बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे और हरित विकास में निवेश कर रही हैं।
एनडीबी की तारीफ करते हुए एसोचैम ने कहा है कि वह एक मजबूत आधार के साथ अपने दूसरे दशक में कदम रख रहा है। उसके पास वित्त पोषण का अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड, मजबूत साख रेटिंग, सदस्यों का बढ़ता दायरा और हरित ऊर्जा, परिवहन, पेयजल, सामाजिक बुनियादी ढांचा और डिजिटल एवं प्रौद्योगिकी अवसंरचना जैसे उभरते क्षेत्रों में विस्तृत पोर्टफोलियो है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal