वाहनों के लिए एल्युमिनियम मिश्रधातु के चक्के बनाने वाली कंपनी अरेट 22 लिमिटेड आईपीओ लाने की तैयारी में

नई दिल्ली, वाहन निर्माता कंपनियों के लिए एल्युमिनियम मिश्रधातु के चक्के और उच्च दाब पर एल्युमिनियम की परिशुद्ध ढलाई से तैयार कल पुर्जे बनाने वाली कंपनी अरेट 22 लि. ने प्रथम सार्वजनिक शेयर निर्गम (आईपीओ) से 440 करोड़ रुपये जुटाने के लिए बाजार विनियामक के पास विवरण पुस्तिका (डीआरएचपी) का मसौदा दाखिल किया है।
कंपनी के छत्तीसगढ़, हरियाणा और कर्नाटक में कारखाने हैं।
अरेट 22 लि. ने शनिवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि उसने प्रस्तावित आईपीओ के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास डीआरपीएच दाखिल कर दिया है। कंपनी 10-10 रुपये अंकित मूल्य वाले नये शेयरों के साथ अपना पहला शेयर निर्गम लाना चाहती है। यह निर्गम 440 करोड़ रुपये तक का होगा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि आईपीओ से एकत्रित पूंजी में से 150 करोड़ रुपये कार्यशील पूंजी के रूप में तथा 120 करोड़ रुपये कुछ कर्ज और उधार के पूर्ण या आंशिक भुगतान के लिए प्रयोग किया जाएगा। लगभग 34.82 करोड़ रुपये से कारखानों में प्लांट और मशीनरी खरीदी जाएगी। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
अरेट 22 लि. की स्थापना 9 फरवरी 2021 को हुई थी और कंपनी ने 2026 में यूनीकास्ट आटोटेक प्र.लि. का अधिग्रहण किया था।
कंपनी की परिचालन आय वर्ष 2023-24 के 112.46 करोड़ रुपये की तुलना में 2025-26 में 537.95 करोड़ रुपये तक पहुंच गई जो दो साल में 118.70 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
इस दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ 2.92 करोड़ रुपये से बढ़ कर 44.97 करोड़ रुपये तथा परिचालन लाभ 13.79 करोड़ रुपये से बढ़ कर 94.68 करोड़ रुपये रहा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal