नेपाल में हिमलुंग हिमाल चोटी पर हिमस्खलन की चपेट में आने से दस लोग लापता

काठमांडू, । नेपाल के मनांग जिले में हिमलुंग हिमाल की चोटी पर हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद पर्वतारोहियों और सहयोगी कर्मचारियों समेत 10 लोग लापता हो गए हैं। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।
‘एक्सपेडिशन ऑपरेटर्स एसोसिएशन नेपाल’ (ईओएएन) के अनुसार हिमलुंग हिमाल के 7,126 मीटर ऊंचे शिखर के आधार शिविर में हिमस्खलन के कारण तंबू बर्फ में दब गए। हिमालयन हॉलीडेज नेपाल के आठ और इमेजिन नेपाल ट्रेक्स के दो लोगों से संपर्क टूट गया है।
पर्यटन विभाग के महानिदेशक राम कृष्ण लामिछाने ने कहा कि अधिकारी स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि लापता लोगों का पता लगाने और उन्हें बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
लापता लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
यह घटना नेपाल के पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के बीच हुई है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal