मुंबई के मरीन लाइंस में 6,000 करोड़ रुपये की लक्जरी आवासीय परियोजना विकसित करेगी गोदरेज प्रॉपर्टीज

नई दिल्ली, 28 सितंबर । रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड अपनी विस्तार योजना के तहत मुंबई में 2.5 एकड़ में एक आवासीय परियोजना विकसित करेगी। इस परियोजना से करीब 6,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है।
कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसने दक्षिण मुंबई के मरीन लाइंस में करीब 2.5 एकड़ के प्रमुख भूखंड के विकास के लिए एक समझौता किया है।
इस भूखंड पर गोदरेज प्रॉपर्टीज एक लक्जरी आवासीय परियोजना संयुक्त रूप से विकसित करेगी, जिससे ‘‘करीब 6,000 करोड़ रुपये का अनुमानित कुल राजस्व’’ मिलने की संभावना है।
गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गौरव पांडे ने कहा, ‘‘मुंबई हमारे लिए लगातार एक प्रमुख बाजार बना हुआ है और शहर में हमारी प्रीमियम एवं लक्जरी परियोजनाओं को लगातार मजबूत प्रतिक्रिया मिली है।’’
संपत्ति सलाहकार ‘इंडिया सोथबीज इंटरनेशनल रियल्टी’ और रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स कंपनी ‘सीआरई मैट्रिक्स’ के अनुसार, मुंबई में 10 करोड़ रुपये या इससे अधिक कीमत वाले लक्जरी मकानों की बिक्री इस साल की पहली छमाही में 12 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 18,512 करोड़ रुपये हो गई। इसमें बिक्री की मात्रा बढ़ने के साथ कीमतों में वृद्धि का भी योगदान रहा।
गोदरेज प्रॉपर्टीज देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal