वनडे सीरीज: तीसरे मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया को झटका, एलिस और डेविस टीम से बाहर

नई दिल्ली, । दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को होने वाली वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया को तगड़ा झटका लगा है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नाथन एलिस और बाएं हाथ के स्पिनर जोएल डेविस इंजरी की वजह से तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं।
नाथन एलिस को साइड स्ट्रेन की वजह से आखिरी वनडे से बाहर होना पड़ा है, जबकि जोएल डेविस दूसरे वनडे में सब्स्टीट्यूट के तौर पर फील्डिंग करते समय हुए हैमस्ट्रिंग स्ट्रेन के कारण टीम से बाहर हो गए हैं।
एलिस रविवार को खेले गए दूसरे वनडे में चार ओवर की गेंदबाजी के बाद ही इंजर्ड हो गए थे और अपना स्पेल पूरा नहीं कर सके थे। ऑस्ट्रेलिया को इसका नुकसान उठाना पड़ा था। पहले बल्लेबाजी करने वाली दक्षिण अफ्रीका ने 365 रन बनाए थे।
नाथन इलाज और रिकवरी के लिए ऑस्ट्रेलिया लौटेंगे। संभव है कि वह 13 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू वनडे सीरीज के लिए फिट हो जाएंगे।
तीसरे वनडे में एलिस की जगह कप्तान पैट कमिंस टीम में वापसी कर सकते हैं। दूसरे मैच में आराम दिए जाने के बाद मिचेल स्टार्क को भी आखिरी वनडे में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनाया जा सकता है। पिछले दोनों वनडे खेलने वाले जोश हेजलवुड तीसरे वनडे से बाहर रह सकते हैं।
डेविस को दूसरे विशेषज्ञ स्पिनर के तौर पर दौरे पर लाया गया था। उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। अब उन्हें न्यू साउथ वेल्स के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने से पहले रिहैब से गुजरना होगा।
एलिस और डेविस के रिप्लेसमेंट के रूप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी वनडे के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में किसी खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही 3 वनडे मैचों की सीरीज के शुरुआती 2 मैच गंवाकर हार चुका है। तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया सिर्फ अपना सम्मान बचाने के लिए उतरेगा।
वनडे सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा, जिसकी शुरुआत 9 अक्टूबर से होगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal