चीन की विनिर्माण गतिविधियों में तीन महीने बाद विस्तार

हांगकांग, 30 सितंबर चीन में विनिर्माण गतिविधियां सितंबर में तीन महीने में पहली बार विस्तार के दौर में लौटीं। यह ऐसे समय में अर्थव्यवस्था के लिए अधिक सकारात्मक संकेत है जब देश में आर्थिक वृद्धि को मजबूत करने के प्रयास जारी हैं।
चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो ने बुधवार को कहा कि आधिकारिक विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) अगस्त के 49.8 से बढ़कर सितंबर में 50.1 हो गया। कंपनियों के आधिकारिक मासिक सर्वेक्षण पर आधारित सूचकांक का यह स्तर अर्थशास्त्रियों के अनुमान के अनुरूप रहा।
पीएमआई को शून्य से 100 के पैमाने पर मापा जाता है और 50 से ऊपर का स्तर विस्तार को और 50 से नीचे का स्तर संकुचन दर्शाता है।
कई उप-सूचकांक विस्तार के दायरे में बने रहे। उत्पादन संबंधी उप-सूचकांक अगस्त के 50.4 से बढ़कर 51.7 हो गया। नए ऑर्डर का उप-सूचकांक 50.5 रहा, जो अगस्त के 50.6 से थोड़ा कम है, जबकि नए निर्यात ऑर्डर का सूचकांक 50.1 से घटकर 50.0 रह गया।
चीन की अर्थव्यवस्था पर मंदी का दबाव बढ़ रहा है क्योंकि घरेलू मांग और निवेश सुस्त बने हुए हैं। इसका एक कारण संपत्ति क्षेत्र की कमजोरी भी है। हालांकि, कृत्रिम मेधा (एआई) में वैश्विक स्तर पर तेजी से चीन के उच्च-प्रौद्योगिकी उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिला है।
बहुराष्ट्रीय बैंकिंग और वित्तीय सेवा कंपनी आईएनजी बैंक में ग्रेटर चाइना की मुख्य अर्थशास्त्री लिन सोंग ने कहा, ‘‘इस साल विनिर्माण क्षेत्र अपेक्षाकृत मजबूत रहा है, हालांकि इसकी मुख्य वजह बाहरी मांग रही है जबकि घरेलू खपत व निवेश पीछे रहे हैं।’’
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal