अनुप कुमार साहा एक जनवरी 2027 से कोटक महिंद्रा बैंक के एमडी एवं सीईओ का पद संभालेंगे
मुंबई, निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक को अनुप कुमार साहा को प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बनाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मंजूरी मिल गई है।
साहा को इस साल की शुरुआत में कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया था और वह खुदरा बैंकिंग, डेटा विश्लेषण तथा विपणन का काम देख रहे हैं। एमडी एवं सीईओ पद पर उनकी नियुक्ति एक जनवरी, 2027 से तीन साल के लिए होगी।
कोटक महिंद्रा बैंक में शामिल होने से पहले साहा ने आईसीआईसीआई बैंक में लंबे समय तक काम किया था। उन्होंने गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी बजाज फाइनेंस में भी काम किया है।
यह नियुक्ति मौजूदा एमडी एवं सीईओ अशोक वासवानी के अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद दोबारा नियुक्ति की मांग नहीं करने के फैसले के कारण जरूरी हुई है।
वासवानी ने कहा, ‘‘कोटक में शामिल होने के बाद से उन्होंने हमारे दलों के साथ काफी काम किया है और भविष्य के अवसरों को लेकर स्पष्ट समझ दिखाई है। मुझे भरोसा है कि अनुप कोटक की मजबूत नींव को आगे बढ़ाएंगे, ग्राहकों के साथ संबंधों को और मजबूत करेंगे तथा अनुशासन के साथ बैंक को आगे ले जाएंगे।’’
बैंक के चेयरमैन सी. एस. राजन ने कहा कि साहा अपनी मौजूदा भूमिका में पहले से ही बैंक के कारोबार से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। बैंक को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में कारोबार को और मजबूत किया जाएगा तथा सतत वृद्धि को आगे बढ़ाया जाएगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal